श्रीगंगानगर. शीतला माता की आराधना का पर्व बास्योड़ा सोमवार को मनाया गया। इस पर्व को लेकर रविवार को तैयारियां जोरों पर रही। घरों में पकवान बनाए गए। इन पकवानों का भोग शीतला माता को लगाया गया। रात को बनाए पकवानों का भोग शीतला माता को लगाने के लिए सुबह शीतला माता के मंदिरों में लोग पहुंचे। शहर के ई ब्लॉक के शीतला माता मंदिर, अग्रसेन नगर के शीतला माता मंदिर, हाउसिंग बोर्ड में शीतला माता के स्थान, पुरानी आबादी में ताराचंद वाटिका के पास स्थित शीतला माता के स्थान पर लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचे।
ई ब्लॉक के शीतला माता वाटिका स्थित मंदिर में सुबह करीब साढ़े पांच बजे से लोग पहुंचने लगे थे। यहां वाटिका में बने मंदिर में आसपास के लोगों ने विशेष व्यवस्थाएं करवाई। माता के स्थान को सजाया गया। यहां कतार में लगकर लोगों ने माता को पकवानों का भोग लगाया। ये पकवान पास ही रखे एक बर्तन में जमा किए गए। यहां प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।
दूर तक बस शीतला माता के भक्त ही नजर आ रहे थे। हाथों में प्रसाद की थालियां लिए इन लोगों ने माता को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। शीतला माता वाटिका में दूर तक भक्तों की कतार लगी हुई थी। श्रद्धालुओं ने दिन भी ठंडे भोजन का प्रसाद ग्रहण किया। कई लोगों ने सुबह ठंडे पानी से स्नान कर दिन की शुरुआत की।
