Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में 400 पुलिसकर्मियों ने एक साथ मारा छापा, मचा हड़कंप

जोधपुर। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर और पाली पुलिस के चार सौ पुलिसकर्मियों ने मंगलवार अल-सुबह पाली के मणिहारी और अन्य ठिकानों पर दबिश दी। जब्बरसिंह मणिहारी व उसके भाई भंवरसिंह मण्डली के ठिकानों से 44 लाख रुपए, दो-दो लग्जरी कारें व एसयूवी सहित 22 वाहन, धारदार हथियार, 18 मोबाइल, अवैध शराब और अनेक सिमें जब्त की गईं। जब्बरसिंह ने रातानाडा भाटी चौराहे के पास पुलिस हिरासत में बंदी सुरेशसिंह की गोलियां मारकर हत्याकाण्ड में आरोपी पुत्र भरतसिंह, इनामी शूटर अजयपालसिंह उर्फ एपी व हिमांशु मीणा को छुपा रखा था, लेकिन तीनों भाग गए।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमृता दुहन के अनुसार 18 दिसम्बर 2021 को भाटी चौराहे पर पुलिस हिरासत में पाली जिले के डरी गांव निवासी बंदी सुरेशसिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। केलावा कला निवासी शूटर अजयपालसिंह उर्फ एपी, चित्तौड़गढ़ निवासी हिमांशु मीणा उर्फ दुर्योधन व मणिहारी निवासी भरतसिंह फरार हैं। अजयपालसिंह पर एक लाख रुपए का इनाम है।
जिले के मणिहारी में हिस्ट्रीशीटर जब्बरसिंह ने पुत्र भरतसिंह के अलावा अजयपालसिंह व हिमांशु को अपने मकान में छुपा रखा था। तीनों को उज्जैन भगाने वाला था। इस पर पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़ के निर्देशन में एडीसीपी नाजिम अली के नेतृत्व में जोधपुर और पाली पुलिस ने सुबह चार बजे जब्बरसिंह के मकान, फार्म हाउस, खान, पाली शहर में फाइनेंस के आॅफिस, भाई भंवरसिंह मण्डली के मकान व फार्म हाउस में एक साथ दबिश दी।
मणिहारी गांव में दो मकान, एक बाड़ा, दयालपुरा गांव में माइंस, मणिहारी में फार्म हाउस, गुड़ा प्रतापसिंह में फार्म हाउ, पाली के मानपुरा में फार्म हाउस और पाली शहर में राठौड़ फाइनेंस आॅफिस में दबिश दी गई। जब्बरसिंह के ठिकानों से 21.50 लाख रुपए, अवैध धारदार हथियार और अवैध शराब जब्त की गई। दयालपुरा गांव में जब्बरसिंह की खान और मकान व बाड़े से दो जेसीबी, एक हिटाची, चार डम्पर, 7 ट्रैक्टर, 2 लग्जरी कारें, दो एसयूवी व एक बोलेरो कैम्पर जब्त किए गए। भाई भंवरसिंह मण्डल के घर से 22.5 लाख जब्त किए गए हैं।
पुलिस को देख अजयपालसिंह, हिमांशु व भरतसिंह अंधेरे में भाग निकले। पाली व जोधपुर पुलिस तीनों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। इन तीनों को भगाने के आरोप में मणिहारी निवासी जब्बरसिंह को रातानाडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चार सौ पुलिसकर्मियों ने दी दबिश
कार्रवाई में जोधपुर व पाली पुलिस के करीब चार सौ पुलिसकर्मी शामिल थे। एडीसीपी नाजिम अली, एसीपी राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर व देरावरसिंह, निरीक्षक लेखराज, सत्यप्रकाश, पाना चौधरी, किशनलाल, कैलाश बिश्नोई, राजीव भादू, गीता बिश्नोई, भरत रावत, एसआइ कन्हैयालाल, दिनेश डांगी शामिल थे। क्यूआरटी व एसटीएफ व पुलिस लाइन और पाली पुलिस के अधिकारी व जवान भी कार्रवाई में शामिल रहे।