जीएनएम छुट्टी पर, नहीं हो रहा आईएलआर में टेम्परेचर रिकॉर्ड
by seemasandesh
सीएमएचओ ने दिए निर्देश, कैनाल कॉलोनी राजकीय चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश चाहर ने शुक्रवार को जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान साफ-सफाई अच्छी मिली। समस्त स्टाफ भी मौजूद मिला। निरीक्षण के दौरान एमआर टीकाकरण को लेकर समस्या आई कि आॅन लाइन एंट्री करने वाला कोई नहीं है। इसलिए पास के उप स्वास्थ्य केन्द्र से आॅन लाइन एंट्री करवानी पड़ रही है। इसके अलावा आईएलआर में टेम्परेचर रिकॉर्डिंग नहीं होने की बात सामने आई। सीएमएचओ को बताया गया कि जीएनएम पिछले सात दिन से छुट्टी पर होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। इस पर सीएमएचओ ने चिकित्सालय प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुए सीएमएचओ डॉ. चाहर ने बताया कि निजी चिकित्सकों की हड़ताल के कारण कैनाल कॉलोनी के राजकीय चिकित्सालय पर भी मरीजों का भार बढ़ा है। पहले से 50 प्रतिशत अधिक मरीज आ रहे हैं। पहले 400 का आउटडोर था जो अब बढ़कर करीब 600 हो गया है। काम बढ़ने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं। लेकिन चिकित्सकों को पूरे समय ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अस्पताल में ज्यादा भीड़ न बढ़े। सीएमएचओ डॉ. चाहर ने बताया कि दूरदर्शन रिले केन्द्र के पास कैनाल सीएचसी का निर्माण हो रहा है। अक्टूबर तक कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। सीएचसी निर्माण के लिए बीसीएमओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।