बीकानेर. किसी भी बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना होने पर दमकल कर्मियों का आग के नजदीक पहुंचना आवश्यक होता है। आग के नजदीक स्थान से जल्द और प्रभावी तरीके से बहुत कम समय में आग पर काबू पाया जा सकता है। शहर के लगातार हो रहे विस्तार के साथ-साथ हर साल कई बहु मंजिला इमारतों का निर्माण हो रहा है, लेकिन नगर निगम के दमकल विभाग के पास इन इमारतों के ऊपरी हिस्से में आग लगने की स्थिति में आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त संसाधन ही नहीं है। बताया जा रहा है कि बहुमंजिला इमारतों में आग की घटना होने पर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म अधिक कारगर साबित होता है, जिसकी मदद से फायरमैन आग से दूर रहते हुए आसानी से आग को बुझा सकता है।
अधिक ऊंचाई की दर्जनो इमारतें
शहर में विभिन्न स्थानों पर अधिक ऊंचाई की दर्जनों इमारतें है। इन इमारतों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों, आवासीय मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म आवश्यक है। बताया जा रहा है कि हाइड्रोलिक प्लेटफार्म से ने केवल आग बुझाई जा सकती है, बल्कि आग की घटना होने पर इमारत में फंसे लोगों को रेस्क्यू भी किया जा सकता है।
सिरे नहीं चढ़ी बात
हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की खरीद को लेकर निगम में कई बार बात चली। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से इसके बारे में जानकारी भी जुटाई गई। लेकिन इसको खरीदने की प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ी। बताया जा रहा है कि हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की लागत करोड़ो में होने के कारण निगम अपने स्तर पर इसकी खरीद की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा पाया है।
जल्द मिलने की संभावना
ऊंचाई पर स्थित इमारतों में आग की घटना होने पर आग बुझाने और रेस्क्यू के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म महत्वपूर्ण है। इसकी खरीद के लिए डीएलबी को पत्र लिखा हुआ है। संभावना है डीएलबी स्तर से इसकी प्राप्ति जल्द होगी।
रेवन्त सिंह, सहायक अग्निशमन अधिकारी, नगर निगम बीकानेर।