Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लोडिंग से हांफा विद्युत तंत्र; आधी रात पौने 2 बजे आई लाइट, फिर फाल्ट आने से दिनभर बत्ती गुल

श्रीगंगानगर। भयंकर गर्मी के बीच लोडिंग की वजह से आए बिजली फाल्ट के कारण बीती रात विद्युत तंत्र हांफने लगा। बुधवार को शहरी क्षेत्र में बिजली फाल्ट आने से आधी रात को बत्ती गुल हो गई। कई वार्डाें में हालात इतने खराब हो गए कि लोग आधी रात 1.30 बजे तक सड़कों पर नजर आए। बुधवार शाम से लेकर गुरुवार शाम तक 24 घण्टे श्रीगंगानगर के लोगों के लिए मुश्किल भरे रहे। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लगातार विद्युत लाइनों में आ रहे फाल्ट और ट्रांसफार्मरों के उड़ रहे फ्यूज के कारण आम जन परेशान है। पिछले सप्ताह भर से शाम से देर रात तक विद्युत लाइनों में फाल्ट के कारण लोगों की रातों की नींद उड़ी हुई है।
लोगों ने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारियों से बार बार सम्पर्क करने पर भी समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो रहा। बुधवार देर रात और गुरुवार तो यह स्थिति रही कि अधिकारियों ने फोन उठाना ही बन्द दिया। अधिकांश स्थानों पर एक ही स्थान पर रात को बार बार फाल्ट आने की जानकारी होने के बाद भी दिन में निगम द्वारा व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा। इसी से नाराज लोगों ने गुरुवार को विद्युत निगम के अधिक्षण अभियंता का घेराव किया। लोगों ने बताया कि एक ही जगह पर फाल्ट आता है जिसे हर बार रात को ठीक कर दिया जाता है। परन्तु दिन में इसका स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *