लूणकरनसर. तहसील क्षेत्र में कृषि कनेक्शन के लिए डिमाण्ड राशि जमा करवाने वाले किसानों को सामान नहीं मिलने तथा कंवरसेन लिफ्ट नहर में सिंचाई नहीं दिए जाने के मुद्दे को लेकर बुधवार को किसानों ने विद्युत निगम कार्यालय पर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष धनराज सारस्वत, ब्राह्मण समाज विकास संस्था के अध्यक्ष प्रभुदयाल सारस्वत व पूर्व उप प्रधान शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में निगम कार्यालय पहुंचे किसानों ने बताया कि एक साल पहले कृषि कनेक्शन के लिए डिमाण्ड राशि जमा करवा देने के बावजूद किसानों को बिजली का सामान नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा किसानों ने कम वोल्टेज की बिजली मिलने मोटर जलने से नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने वोल्टेज सुधार के लिए स्वीकृत पल्लू से जैतपुर के बीच की एक साल से लम्बित लाइन को जोडऩे व चकजोड़ में बनने वाला ३३ केवी विद्युत सब-स्टेशन चालू करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में तहसील मंत्री विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, मीडिया प्रभारी भरतनाथ, किसान संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भवानीशंकर जाजड़ा, इन्द्राज धायल, रामावतार ओझा समेत कई लोग मौजूद रहे। धरने के बाद प्रतिनिधिमण्डल ने सहायक अभियंता मुकेश कुमार मालू को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
आंदोलन की चेतावनी
कंवरसेन लिफ्ट नहर में किसानों को सिंचाई पानी देने के मुद्दे को लेकर रोष व्याप्त है। इस मौके पर प्रतिनिधिमण्डल ने इगांनप के अधिशासी अभियंता श्रीनिवास रोहेला को ज्ञापन देकर अवगत करवाया कि पहली बार किसानों को जून-जुलाई में सिंचाई पानी नहीं दिया जा रहा है। इससे सावणी फसलों का बिजान नहीं हो सका है। किसानों ने बताया कि डेम में पूरा पानी होने के बावजूद सिंचाई पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। किसानों ने शीघ्र ही सिंचाई पानी नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उपखण्ड प्रशासन से किसानों ने पटवारियों के खाली पद भरवाने, खाद्य सुरक्षा योजना में नए पात्र जोडऩे, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा करवाने वाले किसानों के सामने ऑनलाइन रिकॉर्ड की कमी से आने वाली परेशानी से अवगत करवाया गया।