खाजूवाला. पुलिस ने मंगलवार रात्रि को डोडा पोस्त व अफीम की तस्करी करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 22 किलोग्राम डोडा पोस्त व 220 ग्राम अफीम बरामद कर एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया है। थानाधिकारी रमेश सर्वटा ने बताया कि पुलिस उपअधीक्षक अंजुम कायल के निर्देशन में पुलिस टीम ने बीकानेर सड़क पर नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो गाड़ी को रोका गया। इसकी जांच करने के दौरान गाड़ी से 22 किलो डोडा-पोस्त व 220 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने आशापुरा निवासी टीकमराम पुत्र मंगलाराम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस कार्रवाई थानाधिकारी रमेश सर्वटा, हैड कांस्टेबल अरविंद यादव, कांस्टेबल भागीरथ, मनोज, ललित, प्रदीप व मंगलसिंह में शामिल रहे।
टैक्सी चालक को पीटा
नोखा. कस्बे में एक टैक्सी चालक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला बुधवार को दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक वार्ड ३७ के मोहनपुरा निवासी जगदीश पुत्र गोविंदराम ब्राह्मण ने रिपोर्ट में बताया कि तीन जुलाई की शाम करीब ७ बजे वह अपनी टैक्सी का काम कराने के लिए मिस्त्री विजय सिंह की दुकान पर बैठा था। तभी टैक्सी में सवार होकर आए लिच्छूगिरी, ओमप्रकाश, बाबूलाल, राजगिरी, राजूगिरी ने उसके साथ गालीगलौच कर मारपीट की। बीचबचाव करने आए मिस्त्री विजय सिंह के साथ मारपीट कर दुकान का सामान फेंक दिया।