महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
by seemasandesh
जंक्शन के कुमार पेट्रोल पम्प पर विधायक की मौजूदगी में शुरू हुआ अभियान, 15 जुलाई तक अलग-अलग पेट्रोल पम्प पर करवाए जाएंगे लोगों के हस्ताक्षर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी तथा महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय महाभियान के दूसरे दिन गुरुवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय पर जंक्शन में राजीव चौक के नजदीक स्थित कुमार पेट्रोल पम्प पर विधायक चौधरी विनोद कुमार के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। अभियान के तहत सभी पेट्रोल पम्पों पर कांग्रेस कार्यकतार्ओं की ओर से महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ आमजन से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। हस्ताक्षर अभियान शुरू होने के मौके पर विधायक चौधरी विनोद कुमार ने बताया कि महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से 7 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय महाभियान चलाकर विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग हर दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 20-30 पैसे की बढ़ोतरी हो रही है। इसका प्रभाव सभी वस्तुओं पर पड़ रहा है। सब्जियां व खाद्य वस्तुएं महंगी हो गई हैं। आम उपभोक्ता परेशान है। अगर इसी तरह के हालात रहे तो आम आदमी कटोरा लेकर मांगता नजर आएगा। विधायक ने कहा कि कोरोना काल के चलते सभी तरह का कारोबार बंद था। इस दौरान भी राहत देने की बजाय केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतें बड़ी बेरहमी से बढ़ाई हैं। वोट हासिल करने के लिए पिछले दिनों चुनावों के समय कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई। केन्द्र सरकार तानाशाही करने पर उतारू हो गई है। इस सरकार से पूरे देश की जनता परेशान है। खेती भी प्रभावित हो रही है। डीजल के लिए किसान के पास पैसे नहीं हैं। कृषि जिन्सों की पूरी लागत नहीं मिल रही जबकि किसानों को लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। गेहूं की कोई कीमत नहीं। खरीद नहीं हो रही। आज लाखों कट्टे धानमण्डियों में पड़े हैं। उनके भाव लगा दिए लेकिन उठाव नहीं हो रहा। वह गेहूं बारिश में भीगकर खराब हो रहा है। केन्द्र सरकार की नीति आमजन व किसान विरोधी है। आम आदमी की जेब खाली हो रही है और केन्द्र सरकार अपना खजाना भरने में लगी हुई है। दिनोंदिन हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। केन्द्र सरकार ने बहुत बड़ा मंत्रिमंडल बना दिया लेकिन उससे आम आदमी का भला नहीं होने वाला। अगर केन्द्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करती है तो उसका असर अन्य सभी चीजों पर पड़ेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह केन्द्र सरकार को सद्बुद्धि दे ताकि पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों में कमी हो और आम जनता को राहत मिल सके। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार सत्तासीन हुई थी तब से पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। इसकी वजह से अन्य वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी हो रही है। इसके विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निदेर्शानुसार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशों पर पूरे राजस्थान में 7 जुलाई से 17 जुलाई तक पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी व महंगाई के खिलाफ महाभियान चलाया जा रहा है। हस्ताक्षरयुक्त कागज जयपुर भेजे जाएंगे। वहां से महंगाई को कम करने के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। महाभियान की कड़ी में 16 जुलाई को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी जयपुर में केन्द्र सरकार के विरूद्ध प्रदेश स्तरीय मार्च निकाला जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, उपसभापति अनिल खीचड़, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, जिला खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष कृष्ण जैन, वरिष्ठ व्यापारी घनश्याम भादू, एडवोकेट मोहम्मद मुश्ताक जोइया, पार्षद सुमित रणवां, मदन बाघला, मनोज सैनी, गुरदीप सिंह चहल, नंदू गुर्जर, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, जिला परिषद डायरेक्टर मनीष गोदारा, मास्टर फूलसिंह सहित कई अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। गौरतलब है कि महाभियान के पहले दिन बुधवार को महिला कांग्रेस कमेटी कार्यकतार्ओं की ओर से टाउन के इन्द्रा चौक पर ईंटों से बनाए चूल्हे पर रोटी व चाय बनाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया था।