Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रिश्वत लेता ए एस आई, सिपाही गिरफ्तार

चंडीगढ़ (वार्ता)। पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने फाजिल्का जिले के सिटी थाना-1 अबोहर में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (ए एस आई) कृष्ण लाल और सिपाही राज कुमार को 15,000 रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन मुलाजिमों को भीम सेन निवासी गाँव बाजीदपुर कट्यिंवाली, जिला फाजिल्का की शिकायत पर गिरफ़्तार किया
गया है।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि शिकायतकर्ता भीम सैन ने विजीलेंस ब्यूरो थाना फिरोजपुर रेंज में शिकायत दर्ज करवाई कि उक्त ए एस आई ने 17 मार्च, 2023 को उसके मोबाइल फोन पर काल की थी कि एक महिला ने उस (भीम सेन) के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की है। अगले दिन शिकायतकर्ता अपने गाँव बाजीदपुर कट्यिंवाली के निवासी सिपाही राज कुमार को साथ लेकर सिटी थाना-1 अबोहर में गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त ए एस आई ने उसके खिलाफ आई छेड़छाड़ की शिकायत का निपटारा करने और राजीनामा करवाने के एवज में एक लाख रुपए रिश्वत माँगी थी। बार-बार विनती करने पर ए एस आई 50,000 रुपए लेने के लिए राजी हो गया और उसी दिन उस ( भीम सेन) से 20,000 रुपए ले लिए। इसके उपरांत उक्त पुलिस मुलाजिमों ने उसको रिश्वत की बकाया रकम देने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया और शिकायतकर्ता ने 26 मार्च, 2023 को कांस्टेबल राज कुमार के मोबाइल नंबर पर गुगल पे द्वारा 15,000 रुपए और अदा किये। जब शिकायतकर्ता ने राजीनामे की कापी माँगी तो उक्त पुलिस मुलाजिमों ने रिश्वत के बकाया 15,000 रुपए माँग लिए।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजीलेंस ब्यूरो यूनिट फाजिल्का की टीम ने ट्रैप लगा कर उक्त ए एस आई और सिपाही को दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए रिश्वत लेते हुये मौके पर काबू कर लिया। इस सम्बन्धी थाना विजीलेंस ब्यूरो, फिरोजपुर रेंज में उक्त ए एस आई और कांस्टेबल के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है और इस मामले की जांच की जा रही है।