Wednesday, September 30निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आमजन आन स्पॉट करवा सकेंगे खाद्य सामग्री की निशुल्क जांच

  • जिले को मिली पहली मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से जयपुर में गुरुवार शाम को आयोजित अंगदान जीवनदान महाभियान के शुभारम्भ समारोह में 25 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया गया। इसमें से एक मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब शुक्रवार सुबह हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित सीएमएचओ कार्यालय (स्वास्थ्य भवन) पहुंची। विधायक प्रतिनिधि चौधरी भूपेन्द्र कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर मोबाइल वैन को रवाना किया। जिले के उपभोक्ता अब मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच मौके पर ही करवा सकेंगे। केवल 15-20 मिनट में यह भी पता चल जाएगा कि उन पदार्थों में कितनी मिलावट है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की टीम संबंधित दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा सकेगी। यह मोबाइल वैन मिलावटी पदार्थों की जांच के साथ-साथ उपभोक्ताओं और व्यापारियों को मिलावट को लेकर जागरुक भी करेगी। यह लैब निर्धारित शैड्यूल के तहत अलग-अलग जगहों, बाजारों, मेलों और बड़े-बड़े समारोह में भेजी जाएगी। आमजन मौके पर ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता की निशुल्क जांच कराकर रिपोर्ट ले सकेंगे। शैड्यूल के अनुसार क्षेत्र का कोई भी उपभोक्ता मौके पर दूध, दूध से बने पदार्थ, आटा, दाल, चावल, तेल, घी, मसाले, ठंडे पेय पदार्थ तथा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की जांच करा सकेगा। सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर ने बताया कि नई दिल्ली की फूड सेफ्टी स्टेण्डर्ड आॅथोरिटी आॅफ इंडिया (एफएसएसएआई) ने चिकित्सा विभाग हनुमानगढ़ को लगभग 35 लाख रुपए की एक मॉर्डन फूड सेफ्टी आॅन व्हील्स उपलब्ध करवाई है। मोबाइल लैब में मिल्क एनालाइजर, हॉट एयर ओवन, हॉट प्लेट, मिक्सर ग्राइंडर, डिजिटल वेइंग स्केल, डिजिटल मल्टी पैरामीटर, हेड हेल्ड मीटर, डिजिटल रिफ्रेक्टोमीटर आदि उपकरण मौजूद हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से दूध में फैट की मात्रा, मिलावट वाले स्टार्च, यूरिया, पानी में जीएच, टीडीएस, कंडक्टिविटी जैसे रसायनों की जांच मौके पर ही की जा सकेगी। सुरक्षा के संबंध में जनता को व्यापक स्तर पर जागरूक करने के लिए एलईडी, रिपोर्ट देने के लिए प्रिंटर व डेटा के लिए कंप्यूटर उपलब्ध रहेगा। इस मौके पर आरसीएचओ डॉ. विक्रमसिंह, सहायक प्रशाासनिक अधिकारी राकेश चौधरी, एफएसओ संदीप कुमार, एफएसओ सुदेश गर्ग, स्वास्थ्य निरीक्षक नवाबदीन भाटी, डीपीएम रचना चौधरी, संदीप कुमार सहित स्टाफ मौजूद रहा।