भीलवाडा
भीलवाड़ा जिले के गंगापुर क्षेत्र की आमली ग्राम पंचायत में एक शिक्षक ने शराब के नशे में धुत होकर महिला सरपंच से धक्का-मुक्की कर दी। इस दौरान शिक्षक महिला सरपंच के घर पहुंचा और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के चलते सरपंच के घर के आगे ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसके बावजूद भी नशे में धुत शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह अभद्र इशारे करता भी नजर आया।
शिक्षक की इन हरकतों को ग्रामीणों ने कैमरे में कैद कर लिया। इस मामले की भनक लगते ही गंगापुर थाना प्रभारी जसवंत सिंह मौके पर पहुंचे। शिक्षक को हिरासत में लिया और उसका वाहन भी जब्त कर दिया। इस मामले में महिला सरपंच ने अपने साथ हुई घटना को लेकर मुकदमा भी दर्ज कराया है। उसके बाद पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
गंगापुर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राठौड़ ने बताया कि आमली ग्राम पंचायत में रहने वाला शिक्षक लालू राम जाट क्षेत्र का बीएलओ भी है। गुरुवार की शाम को लालू राम जाट शराब के नशे में आमली सरपंच मुन्नी देवी नायक के घर पहुंचा। उससे झगड़ा करते हुए अभद्र व्यवहार किया। शोर सुनकर मौके पर काफी ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। ग्रामीण शिक्षक को रोकने लगे, लेकिन नशे की हालत में शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। थाना प्रभारी दलपत सिंह ने बताया है कि महिला सरपंच मुन्नी देवी की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कई बार हो चुकी शिक्षक की शिकायत
स्थानीय लोगों ने बताया- आरोपी शिक्षक लालू राम जाट द्वारा शराब के नशे में क्षेत्र में झगड़ा करने और अभद्र व्यवहार करने के इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। शिक्षक के दिन भर नशे में धुत रहने की शिकायतों के बावजूद भी अधिकारियों की ओर से आज तक उसके खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते उसका हौसला लगातार बुलंद होता गया। महिला सरपंच के घर में घुसकर उसके साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश भी कर ली।