बिना अनुमति पेड़ काटने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
by seemasandesh
आम आदमी पार्टी कार्यकतार्ओं ने जंक्शन थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मुख्य डाकघर परिसर में खड़े हरे पेड़ काटने वाले कार्मिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी कार्यकतार्ओं ने जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल पार्टी के जिला संयोजक सुरेन्द्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि रोडवेज डिपो के समीप स्थित मुख्य डाकघर कार्यालय परिसर में गत 4 जुलाई को मुख्य पोस्टमास्टर एवं अन्य कार्मिकों की मिलीभगत से बिना किसी वैध कारण व स्वीकृति के लगभग 30 वर्ष पुराने 5 हरे वृक्ष काटकर खुर्द-बुर्द कर दिए गए। जब आस-पास के लोगों को वृक्षों के कटने की जानकारी मिली तो मौकास्थल पर भारी संख्या में वार्ड के लोग इक_े हो गए। पूछने पर पेड़ काटने वाले मजदूरों ने बताया कि उन्हें मुख्य पोस्ट मास्टर ने पेड़ काटने के निर्देश दिए हैं। उक्त कार्य के लिए उन्हें मजदूरी मिलेगी। इसके अलावा पेड़ कटाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है। बेनीवाल ने कहा कि उस दिन रविवार को छुट्टी होने की वजह से पोस्ट आॅफिस में कोई कर्मचारी या अधिकारी मौजूद नहीं होने के बावजूद जो हरे पेड़ काटे गए हैं के अलावा और भी पेड़ काटे जाने थे जो वार्डवासियों के विरोध के कारण कटने से बच गए। इस बात को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। बेनीवाल के अनुसार यह कार्य भारतीय वन अधिनियम 1927 संशोधित वन संरक्षण अधिनियम 1980 भारतीय वन अधिनियम 2019, राजस्थान वन अधिनियम 1953 व 2014 राजस्थान वन संरक्षण अधिनियम 1980 व 2014 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1966 के नियमों का खुला उल्लंघन है। इस कार्य से पर्यावरण संरक्षण को नुकसान पहुंचाया गया है। पोस्ट आॅफिस के कार्मिकों ने भारतीय सेवा अधिनियमों का उल्लंघन कर अपने पद के प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए राजस्थान सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने का भी प्रयास किया गया। बेनीवाल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की गम्भीरता को देखते हुए पोस्ट आॅफिस मुख्य कार्यालय परिसर से पेड़ कटवाने वाले अधिकारियों-कार्मिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर काटे गए पेड़ों को पुलिस कस्टडी में लिया जाए। इस दौरान गोपाल मेघवाल, राजेन्द्र कुमार, राहुल वर्मा, बलवंत टेलर, राजकुमार गर्ग, मुकेश, सुभाष पारीक, अशोक सिंधी आदि मौजूद थे।