जयपुर
जयपुर के आमेर किले के सामने बिजली गिरने से जान गंवाने वालों में अमृतसर (पंजाब) से जयपुर घूमने आए भाई-बहन भी शामिल हैं। टैक्सी किराया ज्यादा था, इसलिए बुलेट से जयपुर आने का फैसला किया। यहां अपने रिश्तेदार दोनों जलमहल घूमने निकले थे और भीड़-भाड़ के चलते पहाड़ी पर पहुंच गए थे। तभी इतना भयानक हादसा हो गया।

डेडबॉडी के लिए SMS मोर्च्युरी के बाहर इंतजार करते अमित-शिवानी के परिजन।
शिवानी शर्मा (25) और उसका भाई अमित शर्मा (31) पुत्र गुरुबच्चन लाल निवासी अमृतसर गुरुवार को जयपुर पहुंचे थे। दोनों जयपुर में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुके। उनके रिश्तेदार ने बताया कि अमित पंजाब में ही मार्केटिंग का काम करता था और शिवानी छोटे बच्चों को घर पर ही ट्यूशन पढ़ाती थी। बारिश का मौसम हुआ तो रविवार को दोनों जलमहल घूमने निकल गए। पहाड़ी पर कब पहुंच गए, हमें भी पता नहीं चला। जब देर शाम तक ये लोग नहीं लौटे, तब फोन किया। शुरू में तो किसी ने फोन नहीं उठाया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही अमित का फोन किसी ने उठाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। तब हम सभी एसएमएस इमरजेंसी पहुंचे। यहां आकर पता चला कि दोनों की डेडबॉडी को मोर्च्युरी भेज दिया है।
मना किया था माता-पिता ने
रिश्तेदार ने बताया कि अमित पहले जयपुर टैक्सी लेकर आना चाह रहा था, लेकिन टैक्सी का किराया बहुत ज्यादा होने के कारण उसने बुलेट पर ही जयपुर आने का निर्णय किया। हालांकि माता-पिता ने मना भी किया। वह नहीं माना और गुरुवार को सुबह निकलकर देर शाम तक जयपुर पहुंचा था।

हादसे में घायल युवक शाहबाद का एसएमएस में इलाज चल रहा है।
दूसरी बार बिजली गिरी, तो कोई नहीं उठ सका
एसएमएस ट्रॉमा के इमरजेंसी में भर्ती 20 साल के साहिल ने बताया कि वह 3 दोस्तों के साथ पहाड़ी पर पहुंचा था। बकौल साहिल, बरसात शुरू होते ही हम (मैं और मुजम्मिल) भींगने से बचने के लिए वाच टावर के पास बनी गुफा में छिप गए, जबकि शाहबाद और आरिफ बारिश का मजा लेने के लिए गुफा के बाहर थे। तभी तेज आवाज आई और शाहबाद और आरिफ निढाल होकर गिर गए। आरिफ तो कैसे-तैसे करके कुछ ही देर में उठ गया, लेकिन शाहबाद के मुंह से झाग निकलने लगा। मैंने शाहबाद को सीपीआर दी, तो उसे मामूली होश आया। हम बुरी तरह से घबरा गए और पुलिस को और पापा को फोन किया। वहीं दूर से कुछ लोगों के चीखने की आवाज आ रही थी। हम उस ओर जाने लगे तो करीब 20 मिनट के अंतराल पर दूसरी बार फिर से तेज बिजली कड़की। इसके बाद हम सभी बेहोश हो गए। हमें कुछ होश नहीं रहा। हम दोबारा नहीं उठ पाए।
एक युवती और 10 युवक
बिजली गिरने से हुए हादसे में 11 जनों की मौत हो गई। इसमें एक युवक-युवती अमृतसर के रहने वाले है, जबकि 2 युवक सीकर और चूरू जिले के हैं। शेष 7 जने जयपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इसी तरह 11 घायलों का इलाज एसएमएस के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। एसएमएस के अधीक्षक डॉ. राजेश शर्मा के मुताबिक, घायलों में सभी की हालत स्थिर है। इसमें एक युवती है, जबकि 10 युवक हैं।