Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जैसलमेर, नागौर, भरतपुर, अजमेर, टोंक और गंगानगर में किया प्रवेश; प्रदेश में अगले तीन दिन चलेगा बारिश का दौर, उदयपुर संभाग में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

जयपुर

प्रदेश में मानसून ने अपने कदम आगे बढ़ा दिए हैं। राज्य में मानसून की उत्तरी सीमा आज आगे बढ़कर 6 से ज्यादा जिलों में प्रवेश कर गई। इन जिलों में जैसलमेर, नागौर, भरतपुर, गंगानगर, अजमेर, टोंक शामिल हैं। यहां कुछ दिन बारिश का दौर चलेगा। वहीं, मौसम विभाग ने अगले दो दिन उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद और सिरोही जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जहां मानसून की उत्तरी सीमा पहले ही प्रवेश कर चुकी थी। साथ ही मौसम विभाग ने उदयपुर संभाग में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में आज मौसम की स्थिति देखे तो अधिकांश जगहों पर सुबह से लेकर दोपहर तक बादल छाये रहे। दिनभर उमस रही। एक दिन पहले प्रदेश के कई शहरों में ही झमाझम बारिश ने भी गर्मी से लोगों को कोई खास राहत नहीं दिलाई। इधर आज बांसवाड़ा में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। टोंक, कोटा, जालौर जिलों में भी कई जगह बारिश हुई। भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर जिलों में देर शाम आसमान में बादल छाये हैं। यहां मौसम विभाग ने आज देर रात तक बारिश होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आई हवाओं ने प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बना दी। पिछले 20 दिनों से अटके मानसून ने आज भी गति पकड़ी है। मानूसन की उत्तरी सीमा आज आगे बढ़कर जैसलमेर, नागौर, भरतपुर, गंगानगर, अजमेर, टोंक सीमा में प्रवेश कर गई। उन्होंने बताया कि जल्द से मानसून प्रदेश के अन्य क्षेत्र में भी प्रवेश कर जाएगा।

उदयपुर संभाग के लिए ओरेंज अलर्ट

मानसून के सक्रिय होने के साथ ही अब तेज बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक उदयपुर संभाग के अलग-अलग जिलाें जैसे सिरोही, बांसवाड़ा, राजसमंद, डूंगरपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के चूरू, बीकानेर, जैसलमेर और पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, बूंदी, बारां, अलवर और अजमेर जिले में भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।

सवाई माधोपुर के बौली में 4 इंज बारिश, प्रदेशभर में 23 की गई जान

राजस्थान में मानूसन ने रविवार से प्रदेश में गति पकड़ी और बारिश का दौर शुरू हो गया। रविवार शाम पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश सवाई माधोपुर के बौली इलाके में हुई जहां रविवार शाम से सोमवार सुबह तक 110 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा बारां जिले के अंता में 59, झालावाड़ा के बाकनी और कोटा के सांगोद 49-49 मिमी बारिश हुई। इसी तरह उदयपुर, सिरोही, अलवर, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में बारिश हुई। बारिश और बिजली गिरने से जयपुर में 12, झालावाड़ में 1, बारां में 1, कोटा 4, धौलपुर में 3, सवाईमाधोपुर 1 और टोंक में 1 की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग जिलों में 25 घायलों का अस्पताल में ईलाज चल रहा है।

अब तक इन जिलों में आया मानसून
उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, राजसमंद, कोटा, झालावाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बारां, बूंदी, सवाई माधोपुर, भरतपुर, करौली, धौलपुर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, नागौर, जोधपुर, पाली, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर और गंगानगर में मानूसन में प्रवेश कर लिया है। इसी तरह अभी जयपुर, अलवर, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, झुंझुनूं और दौसा जिलों में मानसून के आने का इंतजार है।

बीकानेर, जैसलमेर और फलौदी को छोड़कर सभी शहरों में पारा गिरा
प्रदेश के मौसम में आए बदलाव के का असर तापमान पर भी पड़ा। राज्य में आज तीन शहरों को छोड़कर शेष सभी जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा तापमान आज जैसलमेर में 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बीकानेर और फलौदी 41.4 डिग्री दर्ज हुआ। धौलपुर, अजमेर, जयपुर और सीकर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *