Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में शराब की दुकानें सुबह 6 बजे नहीं खुलेंगी:वित्त विभाग ने पुराने टाइमिंग के मुताबिक 10 से शाम 8 बजे तक खोलने की दी अनुमति, लॉकडाउन में पाबंदी के कारण सुबह खोलने की दी थी छूट

जयपुर

प्रदेश में शराब की दुकानों के खुलने के समय में सरकार ने बदलाव किया है। अब ये दुकानें सुबह 6 के बजाए 10 बजे से शाम 8 बजे तक खुलेंगी। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए प्रदेश की सभी शराब दुकानों के संचालकों को आदेश जारी किए है।

दरअसल, अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद सरकार ने 19 अप्रैल से प्रदेश में लॉकडाउन लगा दिया था। उस समय दवाईयां, परचूनी, दूध और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़ते हुए शेष दुकानों को बंद करने के आदेश जारी किए थे। तब सरकार ने शराब की दुकानों को बंद से मुक्त रखा था। इस आदेश के करीब एक सप्ताह बाद सरकार ने नया आदेश जारी करते हुए इन सभी दुकानों को खेलने का समय सुबह 6 से सुबह 11 बजे तक कर दिया था।

पहले भी सुबह 10 से शाम 8 बजे तक ही खुलती थी

राज्य में सामान्य दिनों में शराब की दुकानें सुबह 10 से 8 बजे तक ही खुलती थी। लॉकडाउन लगने के बाद से इसके समय में बदलाव किया गया। पिछले दिनों 16 जुलाई को जब अनलॉक की नई गाइडलाइन जारी की गई तब लाइट कर्फ्यू शाम 8 से सुबह 5 बजे तक कर दिया। ऐसे में व्यापार के लिए सुबह से 6 से रात 8 बजे तक सभी को छूट मिल गई। वित्त विभाग ने शराब की दुकानों के खोलने को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया। इसी का फायदा उठाकर शराब दुकान संचालक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक दुकानें खोलने लगे थे। विभाग को जब इसकी जानकारी लगी तो नया आदेश जारी करते हुए लॉकडाउन से पहले जो टाइमिंग थी उसी के अनुरूप दुकान खोलने का आदेश जारी किया गया।

सरकार के लिए रेवेन्यू का बड़ा जरिया है आबकारी महकमा

शराब की बिक्री जितनी पीने वालों के लिए अहम है, उससे ज्यादा राज्य सरकार के लिए। सरकार की आय के बड़े स्रोतों में से एक है आबकारी महकमा। सरकार को इस महकमे से पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में ही 9 हजार 751 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला था। मौजूदा वित्त वर्ष 2021-22 में सरकार ने इस महकमे से 13500 करोड़ रुपये रेवेन्यू जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसे ही देखते हुए सरकार ने शराब की दुकानों को लॉकडाउन में भी बंद नहीं करने का निर्णय किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *