बैंक शाखा में फर्जी दस्तावेज पेश कर लोन उठाने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। लोन लेकर बैंक में रहन की गई भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अन्य बैंक शाखा से लोन उठा धोखाधड़ी करने के करीब तीन साल पुराने मामले में आरोपी पटवारी को टाउन पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। मुख्य आरोपी अभी फरार चल रहा है। मामले की जांच कर रहे टाउन पुलिस थाना के एसआई पूर्णसिंह ने बताया कि 19 जनवरी 2018 को स्टेट बैंक आॅफ इण्डिया (कृषि) विकास शाखा हनुमानगढ़ टाउन के तत्कालीन प्रबंधक प्रीत महिन्द्र सिंह सोढ़ी पुत्र भगतसिंह सोढ़ी निवासी 1160 एसएसटी नगर पटियाला पंजाब ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि महावीर पुत्र गोपीराम जाट निवासी वार्ड 11, चक 5 एचएलएम जाखड़ांवाली पीएस पीलीबंगा ने अपनी भूमि पर बैंक से लोन प्राप्त कर भूमि को रहन किया। मगर इसके बावजूद महावीर ने एचडीएफसी बैंक शाखा पीलीबंगा से उसकी भूमि के फर्जी दस्तावेज पेश कर लोन उठा लिया। जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा नम्बर 67/2018, आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 के तहत दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान इस मामले में पटवारी अवतार सिंह की संलिप्तता सामने आई। मुख्य आरोपी महावीर व सहयोगी पटवारी अवतार सिंह ने हाईकोर्ट से स्थगन आदेश ले लिया। अब दोनों का ही स्थगन आदेश खारिज हो चुका है। उसके बाद पत्रावली कोर्ट में चली गई। अब कोर्ट से पत्रावली प्राप्त होने पर आरोपी पटवारी अवतार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। महावीर फरार चल रहा है। उसकी तलाश जारी है।