पर्यावरण प्रेमियों का पुलिस थाना में आत्मसमर्पण, कहा पुलिस करे गिरफ्तार
by seemasandesh
हरे पेड़ काटने वालों के खिलाफ मामला दर्ज न करने से नाराज आप कार्यकतार्ओं ने अनूठे तरीके से दर्ज कराया विरोध हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हरे पेड़ काटने वालों के खिलाफ लिखित शिकायत करने के बाद भी मामला दर्ज न करने से नाराज आम आदमी पार्टी कार्यकतार्ओं व पर्यावरण प्रेमियों ने बुधवार को टाउन पुलिस थाना में अनूठे तरीके से विरोध दर्ज कराया। पर्यावरण प्रेमियों ने पुलिस अधिकारियों को यह कहकर थाना में आत्मसमर्पण कर दिया कि अगर पुलिस हरे पेड़ काटने को अपराध नहीं मानती है तो इसकी शिकायत करने वाले शिकायतकतार्ओं को गलत शिकायत करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दे। इस मौके पर शिकायतकर्ता पर्यावरण प्रेमी लीलाधर उर्फ गोविंदराम व आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल की ओर से गिरफ्तारी के लिए विरोधस्वरूप आत्मसमर्पण किया गया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि हरे पेड़ काटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के शेरगढ़ चौकी प्रभारी, टाउन व जंक्शन थाना प्रभारी, जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलक्टर को मांगपत्र सौंप दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस संबंध में पिछले दिनों जिले के दौरे पर आए संभागीय आयुक्त को भी अवगत करवाया गया परंतु अभी तक न तो मामला दर्ज किया गया और न ही कोई अन्य कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि अगर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन हरे पेड़ काटने को कोई अपराध नहीं मानता है, क्योंकि अगर हरे पेड़ काटने को अपराध माना जाता तो निश्चित रूप से अब तक एफआईआर दर्ज कर अपराध कारित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती, ऐसे में पेड़ों को काटने वाले अपराधी नहीं हो सकते, इसका मतलब है कि शिकायतकर्ता ने गलत शिकायत दर्ज करवाई है। अगर कानून की नजर में हरे पेड़ काटना अपराध है तो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित से उचित कार्रवाई की जाए। अन्यथा शिकायतकतार्ओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के चरणजीत सिंह, गुरबख्श सिंह, गोपाल मेघवाल, राकेश कुमार, राजकुमार, बनवारी लाल, संजय, शुभकरण शर्मा, राजेंद्र कुमार, प्रभुराम, बलवंत, अशोक कुमार, दीपक, सतपाल, महावीर स्वामी, मोहित, राहुल वर्मा, पूनम रेगर आदि मौजूद थे।