घेराव-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे भाजपा नेताओं को दिखाए काले झंडे
by seemasandesh
कोहला टोल नाके पर किसानों ने किया घेराव हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ गुरुवार को जिला मुख्यालय पर होने वाले घेराव-प्रदर्शन व सभा में शामिल होने के लिए आ रहे भाजपा नेताओं को टोल नाकों पर आंदोलनरत किसानों का विरोध झेलना पड़ा। भाजपा के पूर्व विधायक संजीव बेनीवाल व भारतीय युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील जोशी एवं अन्य भाजपा नेताओं को मेगा हाइवे पर गांव कोहला के नजदीक स्थित टोल प्लाजा पर किसानों का भारी विरोध झेलना पड़ा। किसानों ने भाजपा नेताओं का काले झंडे दिखाकर घेराव किया। किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए किसानों पर थोपे गए तीनों कृषि कानून वापस लेने की मांग की गई। किसानों व किसान प्रतिनिधियों ने भाजपा नेताओं को कहा कि वे यह कहकर टोल नाका से जा सकते हैं कि किसानों की लड़ाई जायज है। इस बात को लेकर किसानों व भाजपा नेताओं में तकरार भी हुई। मौके पर सीओ सिटी हनुमानगढ़ प्रशांत कौशिक, रावतसर डीएसपी रणवीर मीणा और हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ की अगुवाई में पुलिस व आरएसी के जवान तैनात रहे। पुलिस ने घेराव कर रहे किसानों व किसान प्रतिनिधियों को भारी मशक्कत करते हुए भाजपा नेताओं को वहां से रवाना किया। भाजपा नेताओं का घेराव करने वालों में शामिल सौरभ राठौड़, रघुवीर वर्मा, रेशम सिंह मानुका, लखवीर सिंह आदि ने कहा कि देश के लाखों किसान पिछले लंबे समय से दिल्ली को घेर कर बैठे हैं लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। केंद्र की मोदी सरकार के नेता पवित्र किसान आंदोलन पर निरंतर ओच्छी टिप्पणियां कर रहे हैं जिसको देश का किसान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाजपा एवं भाजपा नेताओं का विरोध पूरे देश में निरंतर जारी है। आज भी हनुमानगढ़ में भाजपा के घेराव-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे भाजपा के पूर्व विधायक संजीव बेनीवाल व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील जोशी सहित अन्य भाजपा नेताओं का काले झंडे दिखाकर घेराव किया। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक तीनों काले कृषि कानून वापस नहीं होते एवं एमएसपी पर खरीद की गारंटी का कानून केंद्र सरकार नहीं बना देती तब तक हमारा यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। भाजपा और भाजपा नेताओं का विरोध भी गांव-गांव, गुवाड़-गुवाड़, गली-गली निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान रमनदीप कौर, संदीप कंग, राजदीप बराड़, महेंद्र ओझा, आमिर खान, राकेश सहारण, वीरेंद्र सिंह, मनदीप, अशोक सिहाग, पालासिंह, अजय गोदारा, मनजीत ज्याणी, अजयराज सिंह आदि मौजूद रहे।