Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खड़ी कार से 10 लाख कैश उड़ाए:मंदिर के बाहर गाड़ी पार्क कर व्यापारी गया था दर्शन करने, पीछे से एक बाइक पर आए 3 चोरों ने शीशा तोड़ा और अंदर रखा बैग ले गए

सीकर

सीकर शहर के भरे बाजार एक व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर चोर 10.32 लाख रुपए उड़ा ले गए। व्यापारी रोजाना की तरह कार को एक तरफ खड़ी करके मंदिर में दर्शन करने के लिए अंदर गया था। 5 मिनट बाद बाहर आया तो गाड़ी का कांच टूटा था। अंदर रखा 10.32 लाख रुपए से भरा बैग गायब था। आज सुबह करीब 11.30 बजे की वारदात है। सूचना पर एएसपी, सीओ और थानाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आसपास के सीसीटीवी खंगाले।फुटेज में तीन चोर एक बाइक पर आते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस को यकीन है कि इन्ही तीनों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का मानना है कि चंद सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले चोरों ने व्यापारी की रेकी की होगी।

व्यापारी अमित पंसारी और पीछे खड़ी कार

व्यापारी अमित पंसारी और पीछे खड़ी कार

बावड़ी गेट का व्यापारी अमित पंसारी रोजाना की तरह कार से घंटाघर के पास श्री कृष्ण सत्संग भवन में दर्शन करने पहुंचा था। गाड़ी को उन्होंने मंदिर के सामने ही खड़ी कर दी। गाड़ी खड़ी करने के बाद जैसे अमित पंसारी मंदिर की तरफ गए पीछे से मोटरसाइकिल पर आए चोरों ने कार के आगे का दाएं तरफ का ग्लास तोड़कर कार में रखा रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। अमित पंसारी का कहना है कि बैग में 10 लाख 36 हजार रुपए थे।

सीसीटीवी में कैद चोर।

सीसीटीवी में कैद चोर।

5 मिनट में हुई वारदात

अमित के बड़े भाई महेंद्र पंसारी ने बताया कि अमित का झुंझुनूं बाईपास पर होंडा कंपनी का शोरूम है। रोजाना की तरह वह घर से गुरुजी के दर्शन करके शोरूम पर जा रहा था। पल्सर बाइक पर तीन लड़के उसका पीछा कर रहे थे। इसकी जानकारी उसको नहीं थी। मुश्किल से पांच मिनट का वक्त रहा होगा। जब वह कार खड़ी करके दर्शन कर लौट गया था। इस बीच ही रकम उड़ा ले गए।

वारदात के बाद लगी भीड़, दुकानदारों से पुलिस कर रही पूछताछ।

वारदात के बाद लगी भीड़, दुकानदारों से पुलिस कर रही पूछताछ।

बाजार में सत्यनारायण पंसारी के नाम से दुकान भी है। जब अमित दर्शन करने जा रहा था तो वह पहले दुकान के आगे से निकला। वहां पर उसने कार को धीमे करते हुए ही कहा था कि वह शोरूम पर जा रहा है। उसने कार फिर आगे बढ़ा दी थी। वहां पर एक युवक कार के पीछे भागा था। माना जा रहा है कि कार के वहीं रुकने के लिए इंतजार कर रहे थे। मौके पर संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री राम प्रसाद मिश्रा व अन्य व्यापारी भी पहुंच गए। वारदात को देखकर पुलिस का मानना है कि बदमाश पिछले कई दिनों से व्यापारी पर नजर रखे हुए थे। घर से ही व्यापारी का पीछा किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *