Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ठिकाने बदले लेकिन गिरफ्तारी से नहीं बच सका:जयपुर में 11 साल पहले मर्डर केस में आरोपी भोपाल में पकड़ा गया, जमानत के बाद पता बदलकर पांच साल तक पुलिस से बचता रहा

जयपुर

शहर के कालाडेरा इंडस्ट्रीयल एरिया में 11 साल पहले एक मजदूर की पीट पीटकर हत्या करने में नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जयपुर ग्रामीण जिले की कालाडेरा थाना पुलिस ने की। वारदात के बाद गिरफ्तार आरोपी करीब पांच साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह भागकर भोपाल पहुंच गया। वहां पुलिस से बचने के लिए पता बदलकर रहने लगा। लेकिन पुलिस ने लगातार पीछा कर आरोपी को तलाश कर लिया। उसे भोपाल में धरदबोचा और जयपुर ले आई। यहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

मार्च, 2010 में फैक्ट्री से लौट रहे एक मजदूर की पीट पीटकर की थी हत्या

जयपुर ग्रामीण एसपी शंकरदत्त शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हाकिम खान (37) है। वह भोपाल में निशातपुर जिले में धोला रोड का रहने वाला है। लेकिन बचने के लिए निशातपुर में ही हाउसिंग बोर्ड अमन कॉलोनी में रह रहा था। गत 1 मार्च 2010 को कालाडेरा इंडस्ट्रीयल एरिया में फैक्ट्री में काम करके प्रदीप, मुन्ना व राजू सुबह 11 बजे अपने कमरे पर जा रहे थे। तब एक अन्य फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ अन्य मजदूर मिले। उनका प्रदीप और उसके साथियों से झगड़ा हो गया। इस मारपीट में मजदूरी करने वाले प्रदीप के गंभीर चोटें आई। इसमें उसकी मौत हो गई।

तब चार आरोपी हुए थे गिरफ्तार, हाकिम व इमरत जमानत लेकर हो गए फरार

एएसपी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक तब कालाडेरा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर भोपाल के रहने वाले 26 वर्षीय मजदूर हाकिम खान, गोरीशंकर लुहार, विजेंद्र सिंह यादव व इमरत रेखवाल को गिरफ्तार कर लिया। करीब पांच साल पहले जमानत होने हाकिम जयपुर से भागकर भोपाल चला गया। इसके बाद वह दोबारा पकड़ा नहीं जा सका। तब कोर्ट ने हाकिम खान की गिरफ्तारी के लिए खिलाफ स्टैंडिंग वारंट जारी किया।

पिछले दिनों फरार आरोपियों की तलाश के लिए गोविंदगढ़ सीओ संदीप सारस्वत के निर्देशन में कालाडेरा थानाप्रभारी हरवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसने पांच साल से फरार हाकिम खां की तलाश शुरु की। उसे पकड़ लिया। हेडकांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल महेश कुमार, घनश्याम की टीम भोपाल पहुंची। वहां कई जगहों पर दबिश देकर हाकिम खां का पता लगा लिया। अब हत्या के इस केस में इमरत भी फरार चल रहा है। उसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *