एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में फैले नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर शनिवार को नागरिकों ने ग्राम पंचायत मक्कासर सरपंच बलदेव सिंह के नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। यद्यपि ज्ञापन जिला पुलिस अधीक्षक को सौंपा जाना था। लेकिन कोविड प्रोटोकॉल के चलते जंक्शन पुलिस ने एसपी कार्यालय पहुंचने से पहले ही नागरिकों से शिव मंदिर मल्टीप्लेक्स के पास ज्ञापन ले लिया। ज्ञापन में कहा गया है कि काफी समय से हनुमानगढ़ जिले में नशे का कारोबार अपना पैर पसार रहा है। इसके चलते युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है। यह सही है कि पुलिस की ओर से आए दिन नशे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है लेकिन हनुमानगढ़ जिले में नशा के कारोबार ने अपनी जड़ें मजबूती के साथ फैला रखी हैं। इसलिए नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए और सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। सरपंच बलदेव सिंह ने बताया कि नई खुंजा, आईटीआई बस्ती, गांव मक्कासर, दो केएनजे सहित अन्य जगहों पर नशा काफी फैल चुका है। नशे के कारोबार में छोटे-छोटे बच्चे व युवा भी लग चुके हैं। मुख्यतया चिट्टा, अफीम, मेडिकल नशा का कारोबार हो रहा है जो आने वाली पीढिय़ों के लिए बहुत ही खतरनाक है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिला हमेशा से ही शांतिप्रिय जिला रहा है और आगे भी रहे लेकिन अवैध नशे का कारोबार जिस रफ्तार से शहर व गांव की युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है उससे अशांति की संभावनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के चारों तरफ के गांव पर भी एक में गहरी निगाह रखते हुए नशा के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रभावी और सख्ती कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बढ़ रहे नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगने पर जिला कलक्ट्रेट के गेट के समक्ष बेमियादी धरना शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर वारस अली, गुरनायब सिंह, सन्दीप जाखड़ आदि मौजूद थे।