आधी रात को फंदे पर झूलता मिला युवक का शव, सिर पर चोट से हत्या का शक
by seemasandesh
मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी पर लगाया हत्या कर शव फंदे पर टांगने का आरोप, हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर पुलिस जुटी जांच में हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के वार्ड नम्बर 47 में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आधी रात को कमरे में लगे पंखे पर बनाए गए फंदे पर झूलता मिला। घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर ही थी। उसी ने मकान पड़ोसी को अपने पति की ओर से फांसी लगा आत्महत्या करने की जानकारी दी। लेकिन जब पुलिस की मौजूदगी में शव उतरवाया तो मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर चोट का निशान मिला। परिजनों ने नाजायज संबंधों के चलते मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी पर हत्या कर शव को फंदे पर टांग आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। दोनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज करने के लिए शनिवार को टाउन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा गया। उधर, शनिवार को टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंच मौका नक्शा बनाने आदि की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार मामराज पुत्र नंदराम सोरगर निवासी वार्ड 5, गांव श्रीनगर ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राजकुमार उर्फ राजू हनुमानगढ़ टाउन के वार्ड नम्बर 47 में रहता था। शुक्रवार-शनिवार रात करीब पौने दो बजे राजकुमार उर्फ राजू की पत्नी कमलेश ने अपने पड़ोसी कालेराम पुत्र गौरीशंकर सोरगर को सूचना दी कि उसके पति राजकुमार उर्फ राजू ने पंखे पर लटक कर आत्महत्या कर ली है। इस पर कालेराम ने गांव गंगागढ़ में परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि राजकुमार की पत्नी ने उसे बताया है कि राजकुमार ने पंखे पर लटक कर फांसी ले ली है। मामराज के अनुसार सूचना मिलने पर वे तुरंत टाउन में अपने भाई राजकुमार के घर पहुंचे तो राजकुमार का शव कमरे में पंखे पर लटक रहा था। सूचना पर पूर्व पार्षद भरत कुमार व वर्तमान पार्षद के जेठ मदद अली सहित अन्य वार्डवासी व पुलिस मौके पर पहुंची। पंखे से लटक रहे राजकुमार के शव को नीचे उतरवाया तो सिर के पीछे गंभीर चोट लगी हुई थी। मामराज के अनुसार इससे उन्हें शक है कि उसके भाई राजकुमार की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। क्योंकि राजकुमार की पत्नी कमलेश के आकाश उर्फ कालू पुत्र रमेश सोरगर निवासी सब्जी मण्डी के पीछे हनुमानगढ़ टाउन के साथ अवैध संबंध हैं। इसको लेकर उनके समाज में पंचायत भी हुई थी। आकाश उर्फ कालू के घर पर उसे समझाने के लिए समाज के गणमान्य लोग भी गए थे। तब आकाश ने कहा था कि उससे गलती हो गई है। भविष्य में वह कभी राजकुमार व कमलेश के घर नहीं जाएगा। भविष्य में इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आएगी। लेकिन इसके बाद आकाश उर्फ कालू ने उसके भाई राजकुमार के परिवार वालों को धमकी देनी शुरू कर दी कि वह तो कमलेश के घर ऐसे ही जाएगा। अगर राजकुमार ने अपने घर में आने से रोका तो वह राजकुमार से हटा देगा। मामराज के अनुसार उसकी भाभी कमलेश भी उन्हें धमकी देती थी कि आकाश उर्फ कालू को उनके घर में आने से रोका तो वह अपने कपड़े फाड़कर महिला पुलिस थाना में चली जाएगी और झूठे मुकदमे में फंसवा देगी। उस समय उन्होंने कमलेश को रोका तो उसने पूरे परिवार के खिलाफ महिला पुलिस थाने में एक झूठा प्रार्थना पत्र दे दिया था। बाद में समाज के लोगों ने महिला पुलिस थाना में राजीनामा करवाया। कमलेश की इस हरकत से उनका परिवार डरने लगा। इन सब कारणों से उन्हें पूरा शक है कि उसकी भाभी कमलेश ने आकाश उर्फ कालू के साथ मिलकर सिर में चोट मारकर उसके भाई राजकुमार उर्फ राजू की हत्या कर दी। फिर सोची-समझी योजना के तहत आत्महत्या का रूप देने के लिए राजकुमार राजू का शव पंखे पर बनाए गए फंदे पर लटका दिया। मामराज ने अपनी भाभी कमलेश व आकाश उर्फ कालू के मोबाइल नम्बरों की कॉल डिटेल भी निकलवाने के साथ दोनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज करने की मांग की। उधर, पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।