Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पहली तिमाही के नतीजे जारी:मारुति सुजुकी को जून तिमाही में 440 करोड़ रुपए का मुनाफा, आय भी 4 गुना बढ़ी

मुंबई

ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी ने बुधवार को तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को 30 जून को समाप्त तिमाही में 440 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है, जो मार्च तिमाही में 1,166 करोड़ रुपए था, जबकि साल भर पहले की समान तिमाही में कंपनी को 249 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।

कंपनी की आय सालाना आधार पर 4 गुना बढ़कर 17,770.7 करोड़ रुपए हो गई, जो 4,106.5 करोड़ रुपए थी।

लागत कम करने पर कंपनी का फोकस
मारुति सुजुकी ने कहा कि मेटल प्राइसेज बढ़ने के बावजूद कंपनी लागत खर्च कम करने की कोशिश कर रही है। महामारी की दूसरी लहर से कंपनी के कार बिक्री और प्रोडक्शन के आंकड़ों पर बुरा असर पड़ा है।

तीन महीने में कंपनी ने बेची 3.5 लाख से ज्यादा गाड़ियां
ऑटो कंपनी ने जून तिमाही में कुल 3 लाख 53 हजार 614 गाड़ियां बेची। इसमें घरेलू मार्केट में 3 लाख 8 हजार 95 गाड़ियों की बिक्री हुई, जबकि 45 हजार 519 गाड़ियां को एक्सपोर्ट किया। 2020-21 की पहली तिमाही में कंपनी ने कुल 76 हजार 599 गाड़ियों की बिक्री की थी।

कंपनी ने घरेलू मार्केट में जून तिमाही में सबसे ज्यादा मिनी+कॉम्पैक्ट सेगमेंट की करीब 2 लाख 8 हजार 750 गाड़ियों की बिक्री की, जो कुल बिक्री में 67.8% हिस्सेदारी रखते हैं। वॉल्यूम के लिहाज से कंपनी ने अप्रैल से जून के दौरान कुल 16,798 करोड़ रुपए की बिक्री की, जो साल भर पहले 3,677 करोड़ रुपए थी।

ओसामु सुजुकी को सम्मान
मारुति सुजुकी के बोर्ड ने ओसामु सुजुकी को ऑनोरेरी चेयरमैन के टाइटल से नवाजा है। वे इसी साल जून में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर से रिटायर हुए थे। हालांकि, ओसामु मारुति सुजुकी इंडिया के बोर्ड से जुड़े रहेंगे।

नतीजों से पहले BSE पर मारुति सुजुकी का शेयर 1.26% गिरकर 7150.20 रुपए के भाव पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *