Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वैक्सीनेशन को उमड़ी भीड़, टूटे नियम, हंगामा

  • लोगों में टीकाकरण करवाने के लिए नजर आ रहा उत्साह पर नहीं मिल रही मांग अनुसार डोज
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कोविड-19 के टीकाकरण को लेकर अब लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। भारी संख्या में लोग वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं। जिन लोगों के मन में पहले वैक्सीनेशन को लेकर कई तरह की भ्रांतियां थीं, लोग डरे और सहमे हुए थे। अब वहीं लोग टीका लगवाने के लिए कतार में पहले से ही लग रहे हैं। जो एक अच्छा संकेत माना जा रहा है। इतना ही नहीं पहले कतराने वाले अब वैक्सीन के लिए कैंप लगाने की मांग करते नजर आते हैं। अब लोगों में वैक्सीनेशन को लेकर नजर आ रहे उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वे अल सुबह अंधेरे में ही वैक्सीनेशन केन्द्रों के बाहर पहुंच जाते हैं। एक समय ऐसा भी था कि लोग वैक्सीनेशन को लेकर बात करने से कतराते थे। उनका कहना था टीका लगवाने से लोगों की मौत हो जाती है। अब स्थिति बदल चुकी है। केन्द्रों पर डोज से अधिक संख्या में लोग वैक्सीनेशन के लिए पहुंच रहे हैं। अधिकतर लोग वैक्सीन कम पड़ जाने के कारण केन्द्रों से वापस लौटते नजर आते हैं। बुधवार को भी केन्द्रों पर कुछ ऐसा ही दृश्य नजर आया। बुधवार को जिले में 102 टीकाकरण केन्द्रों पर कोविड-19 वैक्सीनेशन हुआ। वैक्सीनेशन के लिए कोविशील्ड की दूसरी डोज वालों को प्राथमिकता दी गई। सुबह से ही लोग केन्द्रों के बाहर कतारों में लग गए। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर टोकन वितरित किए गए। बावजूद इसके केन्द्रों पर उपलब्ध डोज के टोकन बांटे जाने पर अधिकतर लोगों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। उधर, जिले को अभी भी मांग के अनुसार निदेशालय से डोज नहीं मिल रही। उधर, वैक्सीनेशन केन्द्रों पर भारी भीड़ उमड?े के चलते अव्यवस्था होने से हंगामे की स्थिति पैदा हो रही है। बुधवार को भी जिला मुख्यालय पर कुछ केन्द्रों पर लोगों ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ हंगामा कर दिया। केन्द्रों पर न तो सोशल डिस्टेंसिंग की पालना होती नजर आई और न ही अधिकतर से मास्क पहन रखा था। जंक्शन की दुर्गा मंदिर धर्मशाला में बनाए गए वैक्सीनेशन केन्द्र में वैक्सीन लगवाने आए लोगों ने टोकन वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अव्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। इसका खामियाजा सुबह से ही घंटों कतार में लगने के बावजूद वैक्सीन न लगवा पाने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। एक महिला का कहना था कि वह सुबह पौने पांच बजे वैक्सीन लगवाने केन्द्र पर आई थी। जब सात बजे टोकन बांटे जाने लगे तो करीब दस जनों को ही टोकन बांटे गए थे कि केन्द्र पर टोकन वितरण करने वालों ने अपने चहेतों को साइड में ले जाकर टोकन बांट दिए। हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस जवानों ने आक्रोशित लोगों को शांत कर व्यवस्था बनाने का प्रयास किया। इस केन्द्र से भी सैकड़ों लोग बिना वैक्सीन लगवाए घरों को लौटते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *