पीलीबंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गैंग का किया पदार्फाश
by seemasandesh
तीन बाल अपचारी भी निरुद्ध, पकड़े गए पांच आरोपियों में दो शातिर चोर भी शामिल, घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार भी जब्त
पीलीबंगा, हनुमानगढ़, रावतसर तथा श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर, पदमपुर क्षेत्र से चुराई थी बाइक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की पीलीबंगा पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरीशुदा 25 बाइक व एक पिकअप बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साथ ही चोरी की वारदातों में संलिप्त तीन बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया है। पकड़े गए पांच आरोपियों में दो शातिर चोर भी शामिल हैं जिन्होंने पिकअप गाड़ी चोरी की थी। इन दोनों से घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन जने बाइक चोर गैंग के हैं। निरुद्ध किए गए तीनों बाल अपचारी भी बाइक चोर गैंग से जुड़े हुए हैं। जबकि दो आरोपी वे हैं जो शातिर चोर हैं और उन्होंने पिकअप गाड़ी चोरी की थी। बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने पीलीबंगा पुलिस थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार की ओर से जिले में बढ़ रही वाहन चोरियों की वारदातों को ट्रेस आउट करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसकी पालना में थाना स्तर पर टीमें गठित की गई। टीमों ने लग्न एवं मेहनत से कार्य कर मानवीय आसूचना व तकनीकी आधार पर विश्लेषण कर वाहन चोरी की वारदातों को ट्रेस आउट करने में सफलता हासिल की। एसपी ने बताया कि हैड कांस्टेबल राजेन्द्र चोटिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दुपहिया वाहन चोर गैंग का पदार्फाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 3 बाल अपचारियों को निरूद्ध किया। पूछताछ के बाद कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों की निशानदेही पर पीलीबंगा, हनुमानगढ़ टाउन, हनुमानगढ़ जंक्शन, रावतसर व श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर व पदमपुर थाना क्षेत्र से चोरीशुदा कुल 25 मोटर साइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र उर्फ सैन्दिया (21) पुत्र रामेश्वर निवासी गांव कोहला पीएस हनुमानगढ़ टाउन चोरी, नकबजनी का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी के 4 प्रकरण दर्ज हैं। उसके साथ ही सन्दीप टाक पुत्र भोजराज निवासी वार्ड नम्बर 5, कोहला पीएस हनुमानगढ़ टाउन सन्दीप कुमार (20) पुत्र रामचन्द्र निवासी चक 44 एनडीआर पीएस पीलीबंगा को गिरफ्तार किया गया है। तीन बाल अपचारी निरुद्ध किए गए हैं। इस पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल बलतेज सिंह, श्रीभगवान, कांस्टेबल सुमेद खान व चन्द्रविजय शेखर शामिल रहे। इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल राजेन्द्र चोटिया की विशेष भूमिका रही। पिकअप चोरी की वारदात 12 घंटे में ट्रेस प्रेस वार्ता में एसपी प्रीति जैन ने बताया कि 25 जुलाई को दर्शन कुमार (52) पुत्र लक्ष्मणदास बंसल निवासी वार्ड 7, मण्डी पीलीबंगा ने रिपोर्ट दी कि उसके पास पिकअप गाड़ी नम्बर आरजे 49 जीए 1597 है जो उसने 24 जुलाई को रात्रि के समय घर के आगे खड़ी की थी। अज्ञात व्यक्ति रात्रि 12 से 3 बजे के बीच किसी समय उसकी पिकअप गाड़ी चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर अज्ञात जने के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर जांच एसआई रामप्रकाश को सौंपी गई। जांच अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर वारदात को ट्रेस करने के निर्देश दिए गए। टीम ने गाड़ी की लॉकेशन के आधार पर पीछा करते हुए पुलिस थाना बज्जू, जिला बीकानेर के सहयोग से मात्र 12 घंटों में पिकअप चोरी करने वाले दो शातिर वाहन चोरों चनणाराम उर्फ चनिया उर्फ चन्द्रप्रकाश (28) पुत्र सोनाराम उर्फ बाबूराम निवासी गांव राणातली ग्राम पंचायत पौशाल पीएस बींजराड़ जिला बाड़मेर व जेठाराम (32) पुत्र बांकाराम निवासी डोलकिया आखली पीएस शिव जिला बाड़मेर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इनसे चोरीशुदा पिकअप व घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार भी बरामद कर ली। एसपी जैन ने बताया कि शातिर चोर चनणाराम उर्फ चनिया उर्फ चन्द्रप्रकाश के खिलाफ पूर्व में शराब तस्करी, वाहन चोरी व मादक पदार्थों की तस्करी के 8 प्रकरण दर्ज हैं। वह 18 माह जेल में रहकर एक माह पूर्व बाड़मेर जेल से जमानत पर आया है। वहीं जेठाराम के खिलाफ भी पूर्व में शराब तस्करी, वाहन चोरी व मादक पदार्थांे की तस्करी के 7 प्रकरण दर्ज हैं। वह भी 18 माह जेल में रहकर एक माह पूर्व बाड़मेर जेल से जमानत पर आया है। इस पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल बलतेज सिंह, कांस्टेबल अमनदीप, रमेश कुमार शामिल थे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल अरविन्द कुमार की विशेष भूमिका रही। प्रेस वार्ता में रावतसर सीओ रणवीर मीणा व पीलीबंगा थाना प्रभारी इन्द्र कुमार मारवाल भी मौजूद थे।