रेड मरकरी बेचने के नाम पर रुपए छीनने के मामले में दो आरोपी काबू
by seemasandesh
अब तक आठ जनों को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रेड मरकरी बेचने की बात कह तीन लाख रुपए छीनकर ले जाने के मामले में टाउन पुलिस ने बुधवार को हरियाणा क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक पुलिस इस मामले में आठ जनों का गिरफ्तार कर चुकी है। छह आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवाया जा चुका है। जांच अधिकारी एएसआई प्रकाश चन्द्र ने बताया कि इस मामले में तरसेम सिंह उर्फ सेम पुत्र श्रवण सिंह वाल्मीकि निवासी गांव छान जिला हिसार हरियाणा व राजीव उर्फ बंटी पुत्र जगदीश वाल्मीकि गांव तितरम जिला कैथल हरियाणा को उनके गांवों से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में इस मामले में संदीप सिंह निवासी नाथांवाली थेहड़ी, उसके जीजा रणवीर सिंह उर्फ निक्का, लखवीर सिंह उर्फ लक्खा निवासी चक ज्वालासिंहवाला, फौजासिंह उर्फ पप्पा निवासी सूरेवाला, सुखदेव सिंह निवासी सूरेवाला व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच अधिकारी ने बताया कि सुरजभान पुत्र बनवारीलाल अरोड़ा निवासी गांव खुइयां नेपालपुर जिला सिरसा हरियाणा ने 3 मार्च को दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया था कि 2 मार्च को वह जमीन का सौदा करने के लिए कृष्ण सिंवर व सलामुदीन के साथ अपनी गाड़ी में हनुमानगढ़ टाउन आया। उसकी गाड़ी को चालक भीमसिंह चला रहा था। राजवी पैलेस के पास बाइक सवार एक जना आया। सलामुदीन बाइक पर बैठ गया। वे उन्हें गांव नाथांवाली थेड़ी ले गए। गांव में संदीप नामक व्यक्ति के घर पहुंचे। वहां विजय नाम का व्यक्ति भी बैठा था। इतने में पुलिस की वर्दी पहने दो जने व दो व्यक्ति सिविल कपड़ों में आए। इनके मास्क पहने थे। इन्होंने विजय व बाइक सवार वाले लड़के के थप्पड़ मारे व कहा कि आप ठग्गी मार रहे हो। यह कहते हुए उन्होंने उसके हाथ से तीन लाख रुपयों से भरा छीन लिया। बाहर खड़ी गाड़ी में सवार होकर चले गए। विजय व बाइक सवार को भी अपने साथ ले गए। उसके ड्राइवर भीमसिंह के अलावा कृष्ण व सलामुदीन भी वहां से भाग गए। घर के मालिक संदीप ने उसे कहा कि आप यहां क्या ठगी करने आए हो, आप यहां से चले जाओ। इस पर वह वहां से टैम्पो पर थाने आ गया। रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 382, 120बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान खुलासा हुआ कि परिवादी सुरजभान रेड मरकरी का सौदा करने आया था। आरोपियों ने आपस में साजिश कर पैसे छीन लिए और फरार हो गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक साजिश के तहत पहले तो ग्राहक को रेड मरकरी दिखाते हैं। फिर सौदा करने आने पर लूट कर लेते हैं। गौरतलब है कि रेड मरकरी को लेकर अफवाह फैली हुई है कि यह बहुमूल्य धातु है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत काफी अधिक है। इस अफवाह की वजह से लोग रेड मरकरी खरीदने के लिए मुंहमांगी रकम चुकाने को तैयार हो जाते हैं। जबकि वास्तव में ऐसी कोई धातु होती ही नहीं है। ऐसी अफवाह है कि 1960 के दशक के रेडियो में इसका इस्तेमाल होता था। इसी वजह से ठग ट्यूब में मोबिल आॅयल और कलर मिलाकर रेड मरकरी तैयार कर देते हैं। बाद में सब्जबाग दिखाकर लोगों को बेच देते हैं। लोग इस लालच में रकम देकर रेड मरकरी ले लेते हैं कि वे उसे ऊंचे दाम पर किसी और को बेच देंगे।