टोक्यो
दिग्गज महिला मुक्केबाज एमसी मेरीकॉम की हार को छोड़ दें तो गुरुवार का दिन टोक्यो ओलिंपिक में भारत के लिए शानदार रहा। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। पुरुष हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर अंतिम-8 में जगह बना ली है। तीरंदाजी में अतनु दास 2 बार के ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट को हराकर पुरुष सिंगल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। वहीं, मुक्केबाज में सतीश कुमार ने सुपर हैवी वेट (91+ किलोग्राम) कैटेगरी के अंतिम-8 में जगह बना ली है। 25 मीटर महिला एयर पिस्टल के पहले क्वालिफाइंग राउंड में युवा शूटर मनु भाकर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
कड़े मुकाबले में हारीं मेरीकॉम
भारतीय फैंस को गुरुवार को सबसे बड़ी निराशा मेरीकॉम की हार के रूप में झेलनी पड़ी। 51 किलोग्राम वेट कैटेगरी के प्री क्वार्टर फाइनल में मेरीकॉम को कोलंबिया की विक्टोरिया इनग्रिट वेलेंसिया ने हराया। पहले राउंड में वेलेंसिया के पक्ष में 5 में से 4 जजों ने फैसला सुनाया। वहीं, दूसरे राउंड में तीन जजों ने मेरीकॉम को बेहतर माना। तीसरे राउंड के बाद वेलेंसियो को 3-2 से विजेता घोषित किया गया। वेलेंसिया 2016 रियो ओलिंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं। मेरीकॉम इससे पहले वेलेंसिया को दो बार हरा चुकी थीं। लेकिन, इस बार 38 साल की भारतीय मुक्केबाज कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद 32 साल की कोलंबियाई मुक्केबाज पर जीत हासिल नहीं कर पाईं।
बॉक्सिंग में पुरुषों की 91+ किलोग्राम वेट कैटेगरी में सतीश कुमार क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। पहले राउंड में बाय पाने वाले सतीश ने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जमैका के रिकार्डो ब्राउन को 4-1 से हराया। सतीश अब मेडल पक्का करने से एक जीत की दूरी पर हैं।
41 मिनट में जीतीं सिंधु
सिंधु ने प्री क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नंबर 12 डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को 41 मिनट में 21-15, 21-13 से हरा दिया। अब उनका सामना जापान की अकाने यामागूची से होगी। यामागूची वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवें नंबर की खिलाड़ी हैं। सिंधु दुनिया में सातवें नंबर की खिलाड़ी हैं।