मुंबई
घरेलू शेयर बाजार ने दिन भर सपाट कारोबार के बाद लाल निशान में क्लोजिंग दी है। सेंसेक्स 66 पॉइंट नीचे 52,586 पर बंद हुआ है। इसी तरह निफ्टी भी 15 अंकों की गिरावट के साथ 15,763 पर बंद हुआ। बाजार में सबसे ज्यादा बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में गिरावट रही। निफ्टी में बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में 2-2% की गिरावट रही। इसी तरह SBI और हिंडाल्को के शेयर भी 2% से ज्यादा गिरे।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 17 शेयर गिरकर और 13 चढ़कर बंद हुए हैं। सन फार्मा का शेयर बाजार का हीरो रहा और 10% चढ़कर 774 रुपए पर बंद हुआ। BSE पर शुक्रवार को 3,367 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,847 शेयर बढ़त और 1,387 गिरावट के साथ बंद हुआ है। मार्केट कैप भी 235.60 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन विदेशी बाजारों (अमेरिका और यूरोप) में स्ट्रॉन्ग क्लोजिंग को देखते हुए घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत हुई थी। सेंसेक्स 139 पॉइंट ऊपर 52,792 पर और निफ्टी 22 पॉइंट की बढ़त के साथ 15,800 पर खुला था।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में शामिल सबसे ज्यादा बढ़ने और गिरने वाले शेयर्स का हाल

रॉलेक्स रिंग्स का IPO आज बंद होगा
28 जुलाई को खुला रॉलेक्स रिंग्स का IPO आज बंद हो रहा है। कंपनी 880-900 रुपए के प्राइस बैंड वाले IPO से 716-731 करोड़ रुपए जुटा रही है। इसमें 56 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू है, जबकि 660-675 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल होगा।
एप्लिकेशन 16 शेयरों के लॉट में दी जा सकती है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35% शेयर रिजर्व किए गए हैं। दोपहर 1.30 बजे तक कंपनी का IPO 28.90 गुना भरा था। सबसे ज्यादा एप्लिकेशन (58.70 गुना सब्सक्रिप्शन) नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स की तरफ से आए हैं। रिटेल इनवेस्टर्स कैटेगरी के लिए 20.58 गुना एप्लिकेशन आए हैं।
इसे अरिहंत कैपिटल, BP वेल्थ, हेम सिक्योरिटीज, ICICI डायरेक्ट, निर्मल बंग, सैमको सिक्योरिटीज और वेंचुरा सिक्योरिटीज सहित कई ब्रोकरेज हाउस ने सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।
कंपनी बेयरिंग रिंग के अलावा दोपहिया, पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल, इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए ऑटोमोटिव कंपोनेंट बनाती है। यह इंडस्ट्रियल मशीनरी, विंड टर्बाइन और रेलवे के लिए भी कंपोनेंट बनाती है। इसकी राजकोट में तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं।
Exxaro Tiles के IPO का प्राइस बैंड तय
Exxaro Tiles ने अपने IPO का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी 118-120 रुपए प्रति शेयर की दर से 161 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। फ्रेश शेयरों की बिक्री से हासिल रकम में से 50 करोड़ रुपए से कर्ज चुकाएगी। 45 करोड़ रुपए की रकम से वह अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करेगी। कंपनी का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 4 से 6 अगस्त तक खुला रहेगा। कंपनी टाइल बनाकर देशभर में बेचती है और एक्सपोर्ट भी करती है। वित्त वर्ष 2021 में कंपनी को 13.88% की आमदनी एक्सपोर्ट से हुई थी।
देवयानी के IPO का 86-90 प्राइस बैंड
KFC, पिज्जा हट, कोस्टा कॉफी की फ्रेंचाइजी कंपनी देवयानी इंटरनेशनल ने अपने IPO का प्राइस बैंड 86-90 रुपए तय किया है। कंपनी IPO के जरिए 1,838 करोड़ रुपए जुटाएगी जिसमें 440 करोड़ रुपए के फ्रेश शेयर होंगे। फ्रेश शेयरों की बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने में करेगी। निवेशकों को IPO में शेयर 165 यूनिट के लॉट में मिलेंगे। IPO का 10% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर के लिए रिजर्व रखा गया है।
एशियाई बाजारों में कमजोरी

एशिया के बाजारों में आज चौतरफा बिकवाली हुई। जापान का निक्केई 1.81% गिरावट के साथ बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.42% की कमजोरी रही। हांगकांग के हैंगसेंग में 1.28% की गिरावट आई। कोरिया के कोस्पी में 1.24% का नुकसान रहा। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरी 0.4% की गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोप में भी कमजोर शुरुआत
शुक्रवार को ब्रिटेन के FTSE में 0.70% की कमजोरी है। जर्मनी के DAX में लगभग 0.80% की गिरावट है। फ्रांस के CAC में 0.10% की कमजोरी है।
FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, गुरुवार 20 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 866.26 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेच दिए। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 2,046.96 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।