एक्टर मनोज बाजपेयी, नीना गुप्ता, साक्षी तंवर स्टारर फिल्म ‘डायल 100’ जी5 पर 6 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। रेंजिल डी सिल्वा निर्देशित थ्रिलर ड्रामा जॉनर की इस फिल्म की कहानी एक रात की है। इसके प्रोमोशन के दौरान साक्षी तंवर से खास बातचीत में कहानी, किरदार सहित को-स्टार्स के बारे में बात की और कहा कि अगर आप मुश्किल में हैं, तो हंड्रेड नंबर डायल करना ही चाहिए।
Q.‘डायल 100’ का ट्रेलर देखकर काफी सस्पेंस भरी कहानी लगती है। किरदार और कहानी के बारे में जितना कुछ बता सकें?
A.यह एक रात की कहानी है। मनोज बाजपेयी पुलिस ऑफिसर निखिल सूद का किरदार निभा रहे हैं। उनको एक रात किसी महिला का फोन आता है। उसके बाद एक के बाद एक कड़ी ऐसी जुड़ती जाती है, जिससे सब कुछ बदल जाता है। उस कॉल के बाद सुबह होने तक क्या उथल-पुथल होती है, यही कहानी है। पुलिस वालों को किसी भी वक्त ड्यूटी पर जाना, हर तरह के लोगों से मिलना-जुलना, परेशानियों और सिचुएशन से जूझना काफी चैलेंजिंग भरा होता है। कहानी में निखिल के साथ उसका परिवार भी चपेट में आ जाता है। मैं फिल्म में निखिल सूद की पत्नी प्रेरणा सूद की भूमिका निभा रही हूं। वह एक मां है। किस तरह से हालात के चलते वह विक्टिम बन जाती है, इस रूप में आप मुझे देखेंगे। आगे मेरे साथ क्या होता है, यह फिल्म देखने के बाद पता चलेगा। इसकी सिचुएशन के हिसाब से हमने ज्यादातर रात में ही शूट भी किया है। इससे ज्यादा बताऊंगी, तब इसका सस्पेंस ही खत्म हो जाएगा।
Q.शूटिंग और को-स्टार मनोज बाजपेयी, नीना गुप्ता के साथ काम करने का मजेदार अनुभव कैसा रहा?
A.मजे की बात यह है कि पूरी फिल्म की शूटिंग 18 दिनों में खत्म हो गई थी। मनोज सर के साथ मेरी शूटिंग एक दिन की ही थी, जबकि ज्यादातर शूटिंग नीना मैम के साथ रही। हां, मनोज सर के साथ सबसे जरूरी बात यह है कि जब मैं दिल्ली में कॉलेज कर रही थी, तब कॉलेज में उन्होंने एक प्ले डायरेक्ट किया था। मैंने उसमें काम किया था। इस तरह मनोज बाजपेयी मेरे पहले डायरेक्टर रहे हैं। यह बात बहुत कम लोगों को पता है। इतने वर्षों में कभी यह बात बताने का मौका ही नहीं लगा। लेकिन उनके डायरेक्शन में हम कॉलेज की लड़कियों ने ‘इस मेडल’ नाम के प्ले को लिखा, बनाया और गाने वगैरह गाए। उसके बाद मनोज सर मुंबई आ गए। फिर उन्होंने ‘सत्या’, ‘शूल’ वगैरह एक के बाद एक बेहतरीन फिल्मों में एक्टिंग की। यहां चर्चित कलाकार के रूप में अपनी जगह बनाई, लेकिन उनके साथ काम करने में मुझे इतने साल लग गए। मुझे याद है, पहली बार जब हम लोग फिल्म ‘डायल 100’ की रीडिंग के लिए मिले, तब उन्होंने ही सबको बताया कि यह मेरी स्टूडेंट थी और हमने एक प्ले में काम किया था। यह सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगा।
Q.आपकी फिल्म का नाम ‘डायल 100’ है। कभी लाइफ में हंड्रेड नंबर डायल करने की नौबत आई है?
A.हां-हां, ऐसी नौबत आई है। लेकिन डिटेल में बताऊंगी, तब मुख्य फोकस इस खबर से चला जाएगा। देखिए, दिल्ली और मुंबई में हम सबको कभी न कभी तो इसकी जरूरत पड़ ही जाती है। रात में ऐसी कोई जरूरत नहीं पड़ी, पर कभी फ्रॉड हो गया, सड़क पर चलते समय गाड़ी से टक्कर लग गई, किसी ने बदतमीजी कर दिया, ऐसे में जरूरत पड़ी है। एक बार कोई मुझे फोन पर मैसेज भेजता था। जैसे कोई मुझे स्टॉक कर रहा हो। मैं जब भी शूटिंग से घर पर आती थी, तब मैसेज आ जाता था कि आप घर पहुंच गईं। समझ नहीं पाती थी कि यह क्या हो रहा है और मैसेज करने वाला यह कौन है। क्योंकि उस समय ट्रू कॉलर वगैरह नहीं होता था। फिर मैंने हंड्रेड नंबर डायल किया। उसके बाद पता चला कि वो बिल्डिंग का वॉचमैन था। उसका नंबर ट्रेस किया गया और उसके बाद उसे पकड़ लिया गया। यह एक वाकया है। इसी तरह जब मैं दिल्ली में थी, तब एकाध बार ऐसा हुआ है। खैर, जनता की सहायता के लिए पुलिस है। अगर आप मुश्किल में हैं, तब हंड्रेड नंबर डायल करना ही चाहिए।
Q.अपकमिंग फिल्म ‘पृथ्वीराज’ और आने वाली सीरीज के बारे में बताइए?
A.हां, एक फिल्म ‘पृथ्वीराज’ है जो आने वाली है। इसके अलावा मेरी एक ओटीटी पर सीरीज आएगी, जिसका नाम ‘माई’ है। इसकी सारी शूटिंग मैं लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में करके आई हूं। लेकिन इसकी 10 दिन की शूटिंग बची थी, जिसे मैं आजकल मुंबई में कर रही हूं। अनुष्का शर्मा और उनके भाई करुणेश शर्मा इसके प्रोड्यूसर हैं। लगता है, जल्द ही अगली बातचीत इसके ही प्रोमोशन पर ही होगी। लगभग दोनों प्रोजेक्ट आगे-पीछे ही आएंगे।