नागौर
राजस्थान की एकमात्र लेडी डॉन ने 6 महीने पहले कुख्यात बदमाश काला जठेड़ी से शादी कर ली थी। इधर, कुख्यात गैंगस्टर लेडी डॉन अनुराधा के प्यार में इतना पागल हो गया था कि जैसा वो कहती वैसा ही करता था। अनुराधा ने उसके साथ उसकी क्राइम दुनिया को भी पूरी तरह से बदल डाला। अनुराधा काला जठेड़ी को दूसरा आनंदपाल बनाने की तैयारी करने लगी थी।

पहले से शादी-शुदा और आनंदपाल की गर्लफ्रेंड रही लेडी डॉन अनुराधा ने जठेड़ी से कर ली थी शादी।
अनुराधा की पहले शादी हो चुकी है। इसके बाद गैंगस्टर आनंदपाल के साथ प्रेम प्रसंग चर्चा में रहे। पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। अब काला जेठड़ी और अनुराधा के प्रेम प्रसंग के बारे में यह खुलासा चौंकाने वाला है।

लेडी डॉन अनुराधा ने अपने प्यार में पागल जठेड़ी की लाइफ स्टाइल बदल दी।
दरअसल, हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी और राजस्थान की एकमात्र लेडी डॉन अनुराधा चौधरी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि यह दोनों अपना नाम बदलकर पुनीत और पूजा भल्ला के नाम से रह रहे थे। जब दिल्ली पुलिस ने इसकी जांच की तो सामने आया कि यह दोनों 6 महीने पहले ही शादी कर चुके हैं। अनुराधा की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले सीकर में रहने वाले दीपक नाम के युवक से अनुराधा ने शादी की थी। जैसे ही वह क्राइम की दुनिया में आई, आनंदपाल के साथ रहने लगी। उसके एनकाउंटर के बाद लॉरेंस की मदद से काला जठेड़ी का हाथ थामा। अनुराधा पिछले दो सालों से जठेड़ी के संपर्क में थी, लेकिन 9 महीने से उसकी पूरी गैंग को ऑपरेट करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि आनंदपाल की तरह जठेड़ी के क्राइम की प्लानिंग भी वहीं करने लगी। जिसके बाद उसने पहलवान सुशील पहलवान को धमकी दी। सागर धनकड़ हत्या कांड में भी उसका नाम सामने आया।

जठेड़ी को आनंदपाल से भी खूंखार गैंगस्टर बनाना चाहती थी।
बड़े क्राइम और डॉन बनने की ट्रेनिंग दी
जठेड़ी को बड़ा क्राइम करने और डॉन बनाने की ट्रेनिंग अनुराधा ने ही दी थी, जैसे उसने आनंदपाल को दी। जठेड़ी के रहन-सहन से लेकर उसकी क्राइम दुनिया में अनुराधा ने एंट्री कर ली थी। अनुराधा जैसा बोलती वह वैसा ही करता। जठेड़ी भी उसके पीछे पागल हो गया। दोनों ने नॉर्थ इंडिया के दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में अपनी गैंग खड़ी कर इस पर राज करने का प्लान बनाया। क्राइम की कैसे प्लानिंग रहती है और डॉन बनकर राज कैसे करते हैं, अनुराधा ने इसकी भी ट्रेनिंग दी।
साये की तरह अनुराधा को रखता था साथ
जठेड़ी अनुराधा के प्यार में इतना पागल हो गया था कि उसे अकेला तक नहीं छोड़ता था। वह उसे अपने साये की तरह साथ में रखने लगा। जहां भी दोनों जाते वहां साथ में रहते थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद सामने आया कि कुछ दिनों के लिए मुंबई भी गए थे। जठेड़ी अनुराधा की क्राइम प्लानिंग के साथ चलने लगा था।

जठेड़ी अनुराधा की हर बात मानने लगा और उसकी क्राइम प्लानिंग के साथ चलने लगा।
राजस्थान के 4 जिलों में काटी फरारी, अपने गुर्गें एक्टिव किए
शादी के बाद गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा ने सबसे ज्यादा फरारी राजस्थान में काटी। इसमें पाली, नागौर, बीकानेर और कोटा समेत आस-पास क्षेत्रों में कई दिनों तक रहे। यह भी सामने आया कि राजस्थान में फरारी के दौरान इन्होंने अपने गुर्गों को दोबारा एक्टिव किया और गैंग में जोड़ते गए। इसके अलावा दोनों ने एमपी के इंदौर और बिहार के पूर्णिया में भी लम्बी फरारी काटी थी। पकड़े जाने से कुछ दिनों पहले ही हरिद्वार में फर्जी आइडेंटी बनाकर यह पुनीत-पूजा भल्ला के नाम व वेश बदलकर रहने लगे।

गैंगस्टर काला जठेड़ी के साथ दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में लेडी डॉन अनुराधा चौधरी।
छोटे क्राइम करता, चवन्ना था, बदल दिया लेडी-डॉन ने
बताया जाता है कि अनुराधा के संपर्क में आने से पहले जठेड़ी छोटे क्राइम करता था और चवन्ने की तरह रहता था। जैसे ही अनुराधा उसकी लाइफ में आई तो लाइफ स्टाइल ही बदल दी। कपड़े पहनने से लेकर उसका बोलने तक का तरीका बदल दिया। अब वह छोटे गुर्गों को मुंह भी नहीं लगाता और न ही छोटे क्राइम में हाथ डालता। अनुराधा ने ही गुर्गों से बात करने के लिए अपने नियम और प्रोटोकॉल बनाए थे। लेडी डॅान ने उसे भी आनंदपाल की तरह हाईप्रोफाइल बना दिया। हाल ही के दिनों में जठेड़ी द्वारा की गई सभी बड़ी वारदातें इसी प्लानिंग का हिस्सा थी। बड़े धमाकों के साथ लेडी डॉन अनुराधा ने अपने नए पति जठेड़ी को आपराधिक दुनिया का बादशाह बनाना शुरू कर दिया था। वो चाहती थी कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर भारत कि गैंगलैंड के राज्यों में उनका वर्चस्व और खौफ कायम हो जाए। दोनों ने मिलकर 2 साल में अपने 20 से ज्यादा विरोधियों को ठिकाने लगा दिया था।

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में गैंगस्टर काला जठेड़ी।
बना लिया था इंटरनेशनल क्राइम गिरोह
शादी के बाद दोनों ने मिलकर इंटरनेशनल क्राइम गिरोह बना लिया था। इस गिरोह में कुख्यात बदमाश वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा, निवासी करनाल (हरियाणा) थाईलैंड से, सतेंद्रजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ निवासी मुक्तसर, पंजाब, कनाडा से और मोंटी निवासी पंजाब, यूके से गैंग को ऑपरेट कर रहे थे। अनुराधा की अगुवाई में इन सब ने मिलकर पिछले 2 साल में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित कई राज्यों को मिलाकर अपराध की दुनिया बना ली थी।