Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हत्या मामले में कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने घेरा पुलिस थाना

शुरू किया बेमियादी धरना, दो दिन में कार्रवाई न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी

आधी रात को युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलते मिलने का मामला
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
टाउन के वार्ड नम्बर 47 में आधी रात को युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में लगे पंखे पर बनाए गए फंदे पर झूलता मिलने के संबंध में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी व एक अन्य के खिलाफ दर्ज हत्या के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोशित सोरगर समाज के नागरिकों ने गुरुवार को पूर्व घोषणानुसार टाउन पुलिस थाना का घेराव किया। घेराव-प्रदर्शन कर रहे समाज के नागरिक पुलिस थाना के समक्ष बेमियादी धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस प्रशासन को आत्मदाह करने की चेतावनी दे डाली। धरने पर बैठे लोगों में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। इस मौके पर रविन्द्र बावरी ने कहा कि मृतक राजकुमार उर्फ राजू पुत्र नंदराम सोरगर निवासी वार्ड 47, टाउन की पत्नी कमलेश के आकाश उर्फ कालू पुत्र रमेश सोरगर निवासी सब्जी मण्डी के पीछे टाउन के साथ नाजायज संबंध हैं। इस बात का पूरे मोहल्ले को पता है। इसको लेकर कई बार पंचायतें भी हो चुकी थी। लेकिन कमलेश अपनी हरकतों से बाज नहीं आई और अपने पति राजकुमार उर्फ राजू को प्रताड़ित करती रही। 23 जुलाई की आधी रात को कमलेश ने आकाश उर्फ कालू व एक अन्य के साथ मिलकर अपने पति के सिर में पहले किसी वस्तु से चोट मारी। बेहोश होने पर साफे से गला घोंटकर राजकुमार उर्फ राजू का शव फांसी पर लटका दिया। फिर कमलेश ने पड़ोसियों को सूचना दी कि उसके पति ने फांसी खाकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन ऐसा नहीं था। मृतक राजकुमार उर्फ राजू के सिर में चोट का निशान था। कमरे व बेड पर खून के निशान थे। सबूत मिटाने के बाद राजकुमार उर्फ राजू की पत्नी ने घर से बाहर आकर शोर मचाकर यह जताने का प्रयास किया कि उसके पति ने आत्महत्या की है। जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से इनकार कर दिया था। तब पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता हुई। अधिकारियों ने एक सप्ताह में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया लेकिन आज घटना को दो सप्ताह हो चुके हैं, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक कि आरोपियों को थाना में बुलाकर बयान तक नहीं लिए गए। इससे सोरगर समाज के लोगों में आक्रोश है। पुलिस को जगाने के लिए थाना का घेराव कर बेमियादी धरना शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक को मांगपत्र सौंप बताया गया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आत्मदाह करने का कदम उठाना पड़ सकता है। वहीं मृतक की मां कस्तूरी देवी का कहना था कि वह कई बार पुलिस थाना के चक्कर लगा चुकी है लेकिन इन्साफ नहीं मिल रहा। उसकी पुत्रवधू कमलेश कहती है कि पुलिस थाना भी उसका है और मोहल्ला भी उसका है। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। मृतक की मां का आरोप था कि पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही। गौरतलब है कि युवक का शव फंदे पर झूलता मिलने के मामले में टाउन पुलिस ने 24 जुलाई को मृतक राजकुमार उर्फ राजू के भाई मामराज निवासी वार्ड नम्बर 5, श्रीनगर की रिपोर्ट पर मृतक की पत्नी कमलेश, आकाश उर्फ कालू व अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 34 के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *