Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में कोरोना वैक्सीन की किल्लत:अगस्त में 25 लाख से ज्यादा लोग रह सकते हैं दूसरी डोज से वंचित; 80 लाख लोगों को लगाना है टीका, वैक्सीन मिलेगी केवल 55 लाख

जयपुर

राजस्थान में वैक्सीन की किल्लत के कारण अगस्त में 25 लाख से ज्यादा लोग सेकंड डोज टाइम पर नहीं लगवा सकेंगे। इसके पीछे कारण वैक्सीन का कोटा कम होना है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगस्त के महीने में 80 लाख ऐसे लोग हैं, जिनको सेकंड डोज लगनी है। इस बार पूरे महीने में केन्द्र सरकार की तरफ से राज्य को केवल 55 लाख वैक्सीन का ही कोटा आवंटित किया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस संबंध में केन्द्र सरकार को एक पत्र लिखा गया है। जिसमें इस महीने 80 लाख से ज्यादा वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवाने की मांग की है। ताकि ज्यादा से ज्यादा सेकंड और फर्स्ट डोज वालों को टीका लगाया जा सके।

गौरतलब रहे कि जुलाई में भी वैक्सीन की कमी के कारण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने दो बार केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर राज्य को ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध करवाने की मांग की थी। साथ ही केन्द्र सरकार से मांग की थी कि प्राइवेट अस्पतालों को जो 25 फीसदी कोटा आवंटित किया है, वह राज्य सरकारों के जरिए दिया जाए।

राज्य में अब तक 16 फीसदी आबादी का हुआ टीकाकरण
राजस्थान में 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के 5 करोड़ 14 लाख 95 हजार 402 लोगों को टीका लगाना है। इनमें से अब तक केवल 81 लाख 47,824 लोगों का ही वैक्सीनेशन पूरा हुआ है, ये संख्या लक्षित आबादी का 16 फीसदी के करीब है। वहीं वर्तमान में 51.41 फीसदी आबादी को सिंगल डोज लग चुकी है। अब तक कुल 2 करोड़ 64 लाख 78,522 लोगों वैक्सीन की कम से कम एक डोज तो लगवा ही चुके हैं। राज्य में अब तक कुल 3 करोड़ 46 लाख 26 हजार से ज्यादा डोज लग चुकी है।

देश में चौथे नंबर पर राजस्थान
वैक्सीनेशन के मामले में राजस्थान देश में चौथे नंबर पर है। वर्तमान में सबसे ज्यादा वैक्सीन उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ 32 लाख 98 हजार डोज लगाई जा चुकी है। वहीं दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र का है, जहां अब तक कुल 4 करोड़ 63 लाख 80 हजार डोज लगी है। तीसरे नंबर पर 3.56 करोड़ डोज के साथ गुजरात है, जबकि चौथे नंबर पर राजस्थान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *