Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इनोवा कार से 6 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त, दो जने गिरफ्तार

  • गोगामेड़ी पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    मादक पदार्थांे व नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार जारी है। इसी कड़ी में जिले की गोगामेड़ी पुलिस ने रविवार रात जिला विशेष दल के सहयोग के सहयोग से कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 6 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया। मौके से दो जनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार व पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन की ओर से मादक पदार्थांे व नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार के तहत गोगामेड़ी पुलिस थाना के प्रभारी एसआई बिशन सहाय के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार रात गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने जिला विशेष दल की सूचना पर रोही गोगामेड़ी में चक 12 डीपीएन की तरफ जाने वाली रोड पर नाकाबन्दी शुरू की। नाकाबन्दी के दौरान एक इनोवा कार नम्बर आरजे 19 यूए 0836 आती दिखी। कार को रोकने के लिए इशारा किया तो चालक व उसके साथ वाली सीट पर बैठा शख्स पुलिस को देख घबरा गए और कार को नाकाबन्दी से कुछ पहले ही रोक लिया। उन्होंने कार को वापस मोडने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबन्दी कर कार को रूकवा लिया। उसमें सवार दोनों जनों से भागने का कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से 6 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा व कार जब्त कर मौके से राजू उर्फ शमशेर (30) पुत्र अमरसिंह निवासी कैमरी पीएस आजाद नगर हिसार हरियाणा हाल चक 5 जीजीएम पीएस गोगामेड़ी व रहमान (30) पुत्र इलियाश निवासी चिडिय़ा गांधी पीएस भिरानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20, 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच भादरा थाना प्रभारी कविता पूनिया को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में डीएसटी हनुमानगढ़ व डीएसटी सेक्टर नोहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में थाना प्रभारी के अलावा हैड कांस्टेबल दुनीराम, कांस्टेबल मोहनलाल, कुलदीप, रामावतार व सत्यवीर सिंह शामिल थे। गोगामेड़ी पुलिस थाना प्रभारी बिशन सहाय ने बताया कि गांजा तस्करी के आरोप में पकड़े गए राजू उर्फ शमशेर के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी रहमान का पुलिस रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने दोस्त की गाड़ी मांगकर लाना बताया है, अभी इसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गांजा नोहर में बेचा जाना था, लेकिन यह पता नहीं लग पाया है कि आरोपियों ने इसे कहां से खरीदा। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *