बज्जू. आरडी 961 से निकल रही कोलायत लिफ्ट के अंतिम छोर के किसानों में पेयजल व सिंचाई पानी नहीं मिलने से किसानों में रोष है। इसके चलते किसानों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। किसान देवीसिंह व ओमप्रकाश सारण ने बताया कि कोलायत लिफ्ट के 19 किलोमीटर से निकलने वाले कुम्हार वितरिका के अंतिम छोर पर पिछले 6 माह से ना ही पेयजल और ना सिंचाई पानी उपलब्ध हुआ है। किसानों ने बताया कि लंबे समय से माइनरों व वितरिकाओं में पानी छोड़ा जा रहा है।
कुम्हार वितरिका के अंतिम छोर के किसानों को पानी नहीं मिलने से सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया और बताया कि नहर विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाने के बावजूद ध्यान नही दिया जा रहा है। इससे किसानों की फसल पानी कमी से मुरझा रही है। किसानों ने बरसात में बिजाई कर ली थी। अब ना ही बरसात और ना ही नहर से पानी आ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में पूनाराम सियाग, मांगीलाल सियाग, मांगूराम मेघवाल, करणीसिंह, शैतानसिंह, गोमन्दसिंह, नगाराम, शंकरराम सहित किसान मौजूद रहे।