बीकानेर. कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सफाई कर्मचारियों का स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान होगा। नगरीय निकाय स्तर , उपखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर सम्मानित करवाने के लिए प्रस्ताव भेजने सहित मुख्यालय भी प्रस्ताव भेजे जाएंगे। इस संबंध में डीएलबी निदेशक दीपक नंदी ने आदोश जारी किए है। निदेशक ने प्रदेश के सभी उप निदेशक क्षेत्रीय स्थानीय निकाय विभाग को भेजे आदेश में स्थानीय निकायों में रिक्त चल रहे सफाई कर्मचारियों के पदों की सूचना डीएलबी भेजने के लिए कहा है।
वहीं नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को आवासीय कॉलोनी आंवटित की जाने के लिए अपने क्षेत्र की निकायों से नियमानुसार प्रस्ताव बनाने पर विचार किए जाने के भी आदेश उप निदेशक क्षेत्रीय को दिए है। प्रशासान शहरों के संग अभियान के दौरान वाल्मीकि समाज के नागरिकों के कच्ची बस्तियों में पट्टे बनवाए जाने के लिए क्षेत्र की निकायों को विशेष प्रयास करने के लिए कहा गया है।
निदेशक से मिला प्रतिनिधि मंडल
अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को जयपुर में डीएलबी निदेशक दीपक नंदी से मिला और मांगे रखी। राष्ट्रीय सह सचिव सुनील जावा, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ संजय नन्दानिया, सफाई कर्मचारी अध्यक्ष सुभाष बारासा के नेतृत्व मेंे मिले प्रतिनिधि मंडल ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करने, वाल्मीकि समाज की कच्ची बस्तियों में पट्टे बनाने, सफाई कर्मचारियों के लिए आवासीय कॉलोनी आंवटित किए जाने आदि की मांगे रखी थी। जिस पर निदेशक ने आदेश जारी किए। प्रतिनिधि मंडल में संतोष बारासा, मोहन जावा, पिंकी, श्याम पंडित आदि उपस्थित रहे।