Sunday, August 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘बेलबॉटम’ के बाद अब ‘मिशन सिंड्रेला’ के लिए एक बार फिर इंग्‍लैंड पहुंचे अक्षय कुमार, 20 अगस्‍त के बाद शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

मुंबई

बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार की इस हफ्ते ‘बेलबॉटम’ रिलीज हो रही है। अक्षय साथ ही अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मिशन सिंड्रेला’ की शूटिंग के लिए इंग्‍लैंड पहुंच चुके हैं। दोनों फिल्‍मों के डायरेक्‍टर रंजीत तिवारी ही हैं। उनकी टीम ने बताया कि एक में अक्षय रॉ एजेंट हैं, तो दूसरे में मनाली पुलिस थाना इंचार्ज। ‘बेलबॉटम’ में जहां अक्षय कुमार का दिमागी एक्‍शन है, तो वहीं ‘मिशन सिंड्रेला’ में उनका चिर परिचित एंटी ग्रैविटी यानी हवा हवाई एक्‍शन है। ‘मिशन सिंड्रेला’ की शूटिंग 25 अगस्‍त से शुरू होगी, पर अक्षय इंग्‍लैंड पहले से इसलिए पहुंच गए हैं, क्योंकि शूट से पहले वे छह दिन तक क्वारैंटाइन रहेंगे। अक्षय इंग्लैंड में ही ‘बेलबॉटम’ की स्‍पेशल स्‍क्रीनिंग भी करवाएंगे। फिर 20 अगस्‍त के बाद से वे ‘मिशन सिंड्रेला’ की शूटिंग में जुटेंगे। अक्षय से पहले डायरेक्‍टर अपनी टीम के साथ वहां पहले ही पहुंच गए थे। प्रोडक्‍शन डिजाइनरों की यूनिट तो लोकेशनों की रेकी भी इस महीने की पहली तारीख से लगातार इंग्‍लैंड में कर रही है।

‘बेलबॉटम’ तय समय से पहले इस तरह की गई थी पूरी
फिल्‍म के एक्‍शन डायरेक्‍टर परवेज शेख ने बताया, “बेलबॉटम इंडिया की पहली ऐसी फिल्‍म थी, जो उस दौरान शूट हुई है, जब दुनिया जरा सी अनलॉक हुई ही थी। तकरीबन 150 लोगों की यूनिट इंडिया से ग्‍लासगो गई थी। तब हर किसी को 14 दिन क्वारैंटाइन रहना पड़ता था। ऐसे में अक्षय कुमार ने क्रू मेंबर्स से अपील करते हुए कहा था कि अब्रॉड में 150 लोगों की यूनिट को 14 दिनों तक बिना काम के रखने से असर बजट और हौसले पर पड़ेगा। अक्षय की अपील का क्रू मेंबर्स पर ऐसा असर पड़ा कि उन्‍होंने होटल में ही छिपकर एक्‍शन और बाकी सीन कब, कहां, कैसे फिल्‍माए जाएं, वे सब डिजाइन कर लिया था। फिर जब क्वारैंटाइन पीरियड पूरा हुआ, तो हर एक दिन अलग-अलग लोकेशनों पर तीन-तीन सीन फिल्‍मा कर फिल्‍म की शूटिंग की। उन अलग-अलग लोकेशनों पर कहीं एक्‍शन सीक्‍वेंस चलते थे, तो कहीं गाने और कहीं टॉकी सीन। इस तरह पूरी फिल्‍म तय समय से पहले पूरी कर दी गई।”

‘मिशन सिंड्रेला’ में दिमागी एक्‍शन करते नजर आएंगे अक्षय
परवेज शेख ने आगे बताया, “पूरी फिल्‍म इंडियन और पाकिस्‍तानी गुप्‍तचर एजेंसी को एक दूसरे को शह और मात देने की कहानी पर बेस्‍ड है। बतौर रॉ एजेंट अक्षय कुमार इसमें दुश्‍मनों को परास्‍त करने के लिए शरीर से ज्‍यादा दिमाग का एक्‍शन करते नजर आएंगे। क्‍लाइमैक्‍स में जरूर टिपिकल अक्षय कुमार फैंस को पसंद आने वाला एक्‍शन डिजाइन किया गया है। क्‍लाइमैक्‍स कुल मिलाकर 12 से 15 मिनट का है। इसे अक्षय कुमार ने ग्‍लासगो एयरपोर्ट के रनवे पर फिल्‍माया। उसमें प्‍लेन हाईजैक का सीन फिल्‍माया गया। रनवे पर गोलियों की तड़तड़ाहट, दो प्‍लेन और बीसियों गाड़ियों के बीच वह सीन फिल्‍माया गया। यह शूटिंग यादगार रहेगी। वह इस‍लिए कि हमें इंडिया से बाहर, दुबई, आबुधाबी, पाकिस्‍तान के आतंकी संगठनों के ठिकाने दिखाने थे।”

अक्षय ‘मिशन सिंड्रेला’ की शूट सितंबर तक इंग्‍लैंड में ही करेंगे
फिल्‍म में हुमा कुरेशी का भी अहम किरदार है। वाणी कपूर के मुकाबले उनके सीन ज्‍यादा हैं। इस बारे में परवेज ने बताया, “हुमा का एक्‍शन अवतार उनके चाहने वालों के लिए चौंकाने वाला होगा। उन्‍होंने ठीक वैसे एक्‍शन और स्‍टंट किए हैं, जैसे तापसी पन्‍नू ने ‘बेबी’ में किए थे। उसका असर ऐसा रहा कि उस किरदार का स्पिन ऑफ ‘नाम शबाना’ तक बन गया था।” बहरहाल, अक्षय कुमार ‘मिशन सिंड्रेला’ की शूट सितंबर तक इंग्‍लैंड में ही करेंगे। वहां से इंडिया वापसी पर ‘राम सेतु’ और ‘रक्षाबंधन’ पूरी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *