Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

टीम इंडिया को बनाने होंगे 450 से 500 रन, राहुल ने गलतियों से सीख लेकर खेली बेहतरीन पारी

लंदन

टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन 3 विकेट खोकर 276 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 127 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने रोहित शर्मा (83) के साथ पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की। दिग्गज कमेंटेटर सुशील दोषी ने अपने क्रिकेट पॉडकास्ट में कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में जिस तरह भारत की ओपनिंग जोड़ी ने बल्लेबाजी की, उससे इंग्लैंड की टीम का दम निकल गया। दोषी ने राहुल और रोहित की जमकर तारीफ की। हालांकि वे कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी से खास प्रभावित नहीं हैं।

राहुल पहले LBW के कैंडिडेट होते थे
दोषी ने कहा कि राहुल पहले काफी ज्यादा शफल (क्रीज पर मूवमेंट) करते थे। इससे उनके बैट और पैड के बीच में गैप बनता था और वे LBW कैंडिडेट बन जाते थे, लेकिन इस सीरीज में उन्होंने पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की है। राहुल ने जिस तरह के ड्राइव लगाए उससे उनके आत्मविश्वास और फॉर्म का पता चलता है।

रोहित ने दिया बेहतरीन साथ
दोषी ने कहा कि सुबह जब जो रूट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, उस समय परिस्थितियां स्विंग बॉलिंग के काफी अनुकूल थीं। इसके बावजूद रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने राहुल के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर भारत को मुश्किल से बाहर निकाल लिया।

पुरानी लय में नहीं दिखे विराट
दिग्गज कमेंटेटर ने कहा कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 42 रन जरूर बनाए, लेकिन वे अपनी पुरानी लय से काफी दूर दिखे। उन्होंने कहा कि विराट की बल्लेबाजी में पहले जैसा आत्मविश्वास भी नजर नहीं आया। दोषी ने हालांकि उम्मीद जताई कि विराट जल्द ही फॉर्म हासिल कर लेंगे।

पुराने चावल की तरह नजर आए एंडरसन
दोषी ने इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एंडरसन ने पुराने चावल की तरह बेहतरीन नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की। एंडरसन ने दो विकेट लेकर इंग्लैंड को पूरी तरह मैच से बाहर नहीं होने दिया। दोषी यह भी कहते हैं कि एंडरसन और कुछ हद तक ओली रॉबिंसन को छोड़ दिया जाए तो इंग्लैंड की गेंदबाजी में बहुत ज्यादा धार नहीं है। ऐसे में भारतीय टीम अगर पहली पारी में 450-500 रन का स्कोर बना लेती है तो मैच पर उसकी पकड़ काफी मजबूत हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *