Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंडिया की ओपनर की तलाश पूरी:ऑस्ट्रेलिया दौरे से भारत को थी दूसरे सलामी बल्लेबाज की तलाश, राहुल ने 2 साल बाद शतकीय वापसी से मजबूत विकल्प दिया

लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम की एक बड़ी समस्या सुलझ गई और वह समस्या थी ओपनिंग जोड़ी की। जी हां, केएल राहुल ने जिस तरह से इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों में बतौर ओपनर बल्लेबाजी की है, उसकी जितनी तारीफ की जाए, कम होगी। ऐसे में अब रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिए मानो टीम में अपनी जगह पर मुहर लगा दी है।

शतकवीर केएल राहुल ने जेम्स एंडरसन, ओली रोबिंसन जैसे गेंदबाजों के सामने बल्लेबाजी करता देखकर, लगा ही नहीं कि उन्हें किसी भी गेंद ने ज्यादा परेशान किया। अब यकीनन विराट कोहली की टेस्ट में ओपनिंग जोड़ी को लेकर चल रहे एक्सपेरिमेंट भी थम जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से जारी थी तलाश

पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे से टीम इंडिया रोहित शर्मा के जोड़ीदार की तलाश में थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ युवा शुभमन गिल ने शानदार खेल दिखाकर अपना मजबूत दावा पेश किया था, लेकिन उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज और उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में उनकी खराब फॉर्म ने कप्तान विराट कोहली और चयनकर्ताओं को एक बार फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि, अब यह तलाश राहुल के नाम पर जाकर समाप्त हुई है।

दो साल बाद हुई टेस्ट टीम में वापसी

2019 में खराब फॉर्म के चलते लोकेश राहुल को टेस्ट टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। राहुल ने टीम से ड्रॉ होने के बाद घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी के दरवाजे खटखटाए, लेकिन मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा के बढ़िया प्रदर्शन के चलते टीम में उनकी वापसी नहीं दो पाई। रोहित और मयंक के अलावा शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ भी रिजर्व ओपनर्स के तौर पर टीम के साथ बने हुए थे।

मगर इंग्लैंड दौरे पर पहले गिल का टीम से बाहर हो जाना, उसके बाद मयंक की इंजरी ने राहुल के प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के अवसर खोले और उन्होंने भी अपने दमदार खेल से मौके पर चौका लगाने का काम किया।

नॉटिंघम में भी खेली थी अर्धशतकीय पारी

नॉटिंघम टेस्ट में भी केएल राहुल अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया था। नॉटिंघम टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 214 गेंदों पर 84 रन बनाए थे। पहले दोनों टेस्ट मैचों में राहुल का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि, वह कितनी जबरदस्त फॉर्म में हैं।

मौजूदा सीरीज के बचे हुए मुकाबलों में भी अगर उनका ऐसा ही प्रदर्शन देखने को मिला तो टीम इंडिया के लिए यह एक बड़ा सकारात्मक पहलू बनकर सामने आएगा।

कुछ ऐसा रहा है अभी तक का करियर

29 वर्षीय स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल ने अभी तक 38 टेस्ट मैचों में 37.38 की औसत के साथ 2243 रन बनाए हैं। 63 पारियों में उनके बल्ले से छह शतक और 12 अर्धशतक देखने को मिले हैं। राहुल वनडे और टी20 आई में पहले से टीम के साथ बने हुए हैं और अब टेस्ट में भी उनको भारतीय टीम के लिए लंबी रेस का घोड़ा कहा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *