बीकानेर. सीवरेज जाम की समस्या से आमजन परेशान है। आए दिन सीवर चैम्बर और लाइनों के जाम होने से गंदा पानी सडक़ों पर फैला रहता है। कई स्थानों पर जहां कचरे व गंदगी के कारण सीवर लाइन जाम हो रही है वहीं कई स्थानों पर नालों के गंदे पानी को सीवर लाइन में डालने से सीवर जाम हो रही है। निगम प्रशासन ने नाले-नालियों के गंदे पानी को जहां-जहां सीवर लाइन में डाला जा रहा है, उसका सर्वे करवाने का निर्णय लिया है। सर्वे के बाद एेसे स्थानों को सूचीबद्ध कर कार्ययोजना बनाई जाएगी व नालों के गंदे पानी को सीवर में जाने से रोकने के लिए प्रभावी योजना तैयार की जाएगी।
कचरा व गंदगी जा रही सीवर लाइन में
शहर में कई स्थानों पर नाले और नालियों को सीधे सीवर लाइन सेे जोड़ दिया गया है। इससे खुले नालों और नालियों में पानी के साथ बहकर आने वाला कचरा,गंदगी, प्लास्टिक की थैलिया आदि सीवर लाइन में जा रही है व इससे सीवर लाइने जाम हो रही है। बताया कि मुक्त प्रसाद नगर क्षेत्र में कई स्थानों सहित कोटगेट, कुचीलपुरा, चौतीना कुआ, नगर निगम रोड पेट्रोल पम्प के पास, रानी बाजार हनुमान मंदिर के पास सहित कई स्थानों पर नाले-नालियों का गंदा पानी सीवर लाइनों में जा रहा है।
होगा सर्वे, लगाएंगे रोक
कई स्थानों पर नाले-नालियों का गंदा पानी सीवर लाइनों में जाने की जानकारी है। इसके लिए सर्वे करवाया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में एेसे स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। नाले-नालियों का गंदा पानी व कचरा सीवर लाइनों में न जाए, इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
पंकज शर्मा, आयुक्त नगर निगम, बीकानेर।