एक्ट्रेस रत्ना पाठक ने एक इंटरव्यू में, नसीरुद्दीन के साथ अपनी रिलेशनशिप के बारे में बात करते हुए बताया कि वो कैसे मिले। साथ ही उन्होंने अपनी शादी के बारे में भी बात की। रत्ना और नसीरुद्दीन की शादी को 40 साल से ज्यादा हो गए हैं। दोनों साथ में मिलकर एक मजबूत टीम बनाते हैं। रत्ना के ह्यूमर को देखा जा सकता था जब उनसे पूछा गया कि नसीरुद्दीन में उन्हें कौन सी चीज अट्रैक्ट करती है, तब जवाब में उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से एक लॉटरी है, हम बस लकी हैं।
रत्ना ने किया था अपनी शादी में एंजॉय
रत्ना ने अपनी शादी के बारे में डीटेल में बात करते हुए कहा, “हमने एक शानदार शादी की थी। हमारी शादी कुछ शादियों में से एक थी जिसमें मैं शामिल हुई, जहां दूल्हा और दुल्हन दोनों ने मस्ती की। हमारी शादी में एक पर्टी हुई थी। हम बीच के किनारे पर गए, वाइन पी, और बहुत अच्छा समय बिताया। हमारी शादी में कोई रिचुअल्स नहीं थे और कोई रोना धोना नहीं था। मुझे याद है जब मैंने अपनी मां का घर छोड़ा था, तब हम सब एक साथ बिदाई सॉन्ग्स गा रहे थे। नसीर और मैं बहुत सारे बिदाई सॉन्ग्स भी गा रहे थे। तो, निश्चित रूप से, मैं अपने बच्चों के लिए भी यही चाहती हूं, लेकिन उन दोनों में शादी के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं।”
रत्ना-नसीरुद्दीन की 1975 में हुई थी पहली मुलाकात
बात 1975 की है जब रत्ना कॉलेज स्टूडेंट थीं और नसीरुद्दीन FTII से ग्रैजुएशन कर रहे थे। सत्यदेव दुबे के डायरेक्शन में बने ‘संभोग से संन्यास तक’ नामक प्ले में इन्होंने पहली बार काम किया था। इस प्ले के रिहर्सल के दौरान इनकी पहली मुलाकात हुई थी। कुछ ही समय बाद दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी और सात साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 1982 में शादी कर ली। अपनी पहली मुलाकात के बारे में रत्ना ने एक इंटरव्यू में बात करते हुए कहा था, “यह पहली नजर का प्यार नहीं था। दुबे ने जब हमें एक दूसरे से मिलवाया था तब मैं इनका सही नाम तक नहीं जान पाई थी। पहले दिन हम दोस्त भी नहीं थे, पर दूसरे ही दिन से हमने साथ घूमना शुरू कर दिया था।”