मंत्रालयिक कर्मचारियों ने ढोल बजाते हुए सौंपा ज्ञापन
by seemasandesh
मांग पत्र पर कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने चराबद्ध आंदोलन का किया आगाज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महासंघ के मांग पत्र पर शासन के उदासीन रवैये से क्षुब्ध मंत्रालयिक कर्मचारियों की ओर से शुरू किए गए चरणबद्ध आंदोलन की कड़ी में बुधवार को राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ की ओर से ढोल बजाकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलक्टर को सौंपा गया। संगठन जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत शर्मा ने बताया कि महासंघ के 11 सूत्री मांग पत्र की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करवाने के लिए ढोल बजाकर ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 70 हजार मंत्रालयिक कर्मचारी विगत कई वर्षों से अपनी आधारभूत समस्याओं के निस्तारण की मांग करते आ रहे हैं परन्तु खेद का विषय है कि उनकी समस्याएं आज भी जस की तस हैं। विगत कई वर्षों से मंत्रालयिक कर्मचारी अपनी पीड़ा को ज्ञापनों, आंदोलनों के माध्यम से समय-समय पर उठाते आए हैं परन्तु सरकार मंत्रालयिक कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है। शासन की महत्वपूर्ण कड़ी जो सरकार की रीढ़ है उसके प्रति इस तरह अन्यायपूर्ण बर्ताव से मंत्रालयिक कर्मचारी क्षुब्ध एवं आक्रोशित हैं। शर्मा ने बताया कि प्रदेश के मंत्रालयिक कर्मचारियों ने विगत ढाई वर्षों में लगभग सभी संवर्गों की समस्याओं का निस्तारण होते हुए एवं स्वयं के लिए खुशियों का अकाल देखा है, परन्तु कोरोना काल के मद्देनजर अपने आक्रोश को दबाकर सरकार का साथ दिया है। 23 फरवरी 2021 को जारी कार्मिक विभाग के आदेश ने मंत्रालयिक कर्मचारी को ऐसी जगह खड़ा कर दिया जहां उसने पाया कि उसका भविष्य अंधकारमय हो चुका है। प्रदेश के 70 हजार मंत्रालयिक कार्मिकों की ओर से शासन की अनदेखी के चलते क्षुब्ध होकर महासंघ के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को सभी विभागों में महाआंदोलन के लिए जागृति अभियान चलाया गया। 20 अगस्त को रात आठ बजे सरकार की सद्बुद्धि के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना सभा, 23 अगस्त को ट्विटर अभियान, 7 सितंबर को जिला मुख्यालय पर अर्धनग्न प्रदर्शन, 7 सितम्बर से 10 सितंबर तक 15 सितम्बर की महारैली के लिए पम्पलेट व पीले चावलों का वितरण, 3 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर वाहन रैली, 15 सितम्बर को जयपुर में बाइस गोदाम पुलिया से मुख्यमंत्री आवास तक महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राजवीर, सुरेश, शकुंतला, योगेश, रणवीर, धीरज, रोमिल, प्रदीप, महेंद्र कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।