तानाशाही रवैया अपनाते हुए तबादले करने का आरोप, पंचायतों पर तालाबंदी की चेतावनी
by seemasandesh
ग्राम पंचायत सरपंचों ने जिला परिषद कार्यालय पर किया प्रदर्शन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। तानाशाही रवैया अपनाते हुए ग्राम विकास अधिकारी व एलडीसी के तबादले करने का आरोप लगाते हुए टिब्बी तहसील की ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने तबादला सूची निरस्त नहीं करने पर ग्राम पंचायतों पर तालाबन्दी करने की चेतावनी दी। नवनीत पूनिया के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन कर रहे सरपंचों का कहना था कि जिला परिषद की ओर से 13 अगस्त को ग्राम विकास अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई है। इसमें ग्राम विकास अधिकारियों का तबादला पंचायत समिति टिब्बी से अन्य पंचायत समितियों में किया गया है जो कि सही नहीं है। पंचायत समिति टिब्बी में पहले से ही ग्राम विकास अधिकारियों की संख्या कम है। एक ग्राम विकास अधिकारी के पास 2 से 3 ग्राम पंचायतों का कार्यभार है। इसके कारण ग्राम पंचायतों में आम जनता के रोजमर्रा के कार्य करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या अब और बढ़ जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत सरपंचों का कहना कहना था कि पंचायत समिति टिब्बी की ओर से 14 अगस्त को आदेश जारी कर ग्राम विकास अधिकारी एवं एलडीसी की तबादला सूची जारी की गई है। इसमें शबनम गोदारा की ओर से तानाशाही रवैया अपनाते हुए बिना सरपंचों की सहमति से तबादले करवाए गए हैं। इससे कांग्रेस पार्टी के सभी सरपंच व डायरेक्टर नाराज हैं। उनका कहना था कि आज कांग्रेस राज में भी अगर कांग्रेस कार्यकतार्ओं के साथ अन्याय होता है तो ये गलत बात है। शबनम गोदारा के इस तानाशाही रवैये से कांग्रेस का कार्यकर्ता व आम जनता काफी नाराज है। इस कारण से कांग्रेस गांवों में कमजोर हो रही है। सरपंचों ने कहा कि कोरोना काल के दौरान ग्राम पंचायतों में विकास कार्यांे की शुरूआत की गई है। उसे टिब्बी पंचायत समिति के विकास अधिकारी की ओर से सोची-समझी रणनीति के तहत रोकने का कार्य किया जा रहा है। सरपंचों ने इस समस्या को ध्यान में रखते हुए पंचायत समिति टिब्बी से अन्य पंचायत समितियों में किए गए ग्राम विकास अधिकारियों व एलडीसी के तबादले निरस्त करने का आदेश जारी करने की मांग की। मांग न माने जाने पर टिब्बी पंचायत समिति के सरपंचों ने आंदोलन की राह पकड़ते हुए 23 अगस्त से सभी पंचायतों पर तालाबंदी कर पंचायत के सभी कार्यांे का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। मांग के संबंध में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन सरपंच एसोसिएशन टिब्बी अध्यक्ष विनोद जाट, सरपंच गुरुदयाल, संदीप, बलजिन्द्र कौर, सुखवीर, मोनिका पूनिया, रामप्यारी, काशीराम नायक, हंसराज आदि के हस्ताक्षरयुक्त था।