हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव जोरावरपुरा के बस स्टैंड पर संचालित शराब की अवैध ब्रांच हटवाने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन सदस्यों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष इकबाल खान के नेतृत्व में जिला कलक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि गांव जोरावपुरा में मुख्य बस स्टैंड पर शराब की ब्रांच है जो कि बिना किसी लाइसेंस के अवैध तरीके से चलाई जा रही है। इससे यहां से गुजरने वाली महिलाएं एवं बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। शराबी प्रवृत्ति के लोग शराब पीकर बस स्टैंड पर आने वाले लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा करते हैं। महिलाओं पर तंज कसते हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से भी अवैध ब्रांच चलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पार्टी सदस्यों ने जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में गांव जोरावरपुरा के बस स्टैंड पर चल रही शराब की अवैध ब्रांच को बंद करवाने की मांग की। इस मौके पर मुस्ताक, अजय कुमार, अनिल, कुलदीप, अनिल मौजूद थे।