Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

उभरते सितारे:MSME में निर्यात प्रोत्साहन योजना का वित्त मंत्री ने किया उद्घाटन, कामयाबी के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट’ जैसी योजना को अहम बताया

नई दिल्ली

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उभरते सितारे फंड का उद्घाटन आज लखनऊ में किया। उन्होंने कहा कि 2020 के बजट में इसका ऐलान किया गया था। लेकिन, कोरोना की वजह से इस महत्वाकांक्षी योजना को लॉन्च करने में देरी हुई।

उभरते सितारे की कामयाबी के लिए वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट जैसी योजनाएं अहम

वित्त मंत्री ने इस मौके पर कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा एमएसएमई हैं और यहां ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट’ (ODOP) योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि उभरते सितारे जैसे निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रमों की सफलता के लिए ऐसी योजनाएं जरूरी माहौल बनाती हैं।

2020 में मनरेगा का बजट 60,000 करोड़ से बढ़ाकर एक लाख करोड़ किया गया

सीतारमण ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि कोविड के चलते 2020 में मनरेगा का बजट 60,000 करोड़ से बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपए कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इनफॉर्मल सेक्टर में काम करने वाले 25,000 से ज्यादा वर्कर जिस जिले में लौटकर आए हैं, उनको रोजगार के लिए 16 केंद्रीय योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

फॉर्मल सेक्टर में छंटनी के बाद भर्तियों पर PF में 24% का योगदान दे रही सरकार

वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि कोविड के चलते फॉर्मल सेक्टर की जिन यूनिटों में छंटनी हुई है, उनमें पुराने या नए कर्मचारियों की बहाली पर उनके पीएफ में (एंप्लॉयी और एंप्लॉयर) दोनों का योगदान सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले अक्टूबर 2020 से जून 30, 2021 तक भर्ती होने वाले कर्मचारियों के वास्ते दो साल के लिए इसका लाभ लिया जा सकता था, जिसको बढ़ाकर 31 मार्च 2022 तक किया गया है।

हर जिले में उभरते सितारे की पहचान करें एक्जिम बैंक और SIDBI

वित्त मंत्री ने कहा कि एक्जिम बैंक और SIDBI को हर जिले में उभरते सितारे की पहचान करनी चाहिए। सीतारमण ने कहा कि इसके साथ ही दोनों को उनके लिए जिलों के छोटे-छोटे व्यापारिक संस्थानों के बीच जागरूकता फैलानी चाहिए।

इमर्जेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम से हालात बेहतर बनाने में मदद मिली

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले दो साल में एमएसएमई की सहायता के लिए बहुत से कदम उठाए हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि एमएसएमई की परिभाषा बदली गई है। कोशिश की गई है कि एमएसएमई को कारोबार चलाने के लिए फंड मिलता रहे। उन्होंने कहा कि इनके अलावा इमर्जेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम से MSME के लिए जमीनी हालत बेहतर बनाने में मदद मिली है।

MSME की फंडिंग के लिए 9,000 NBFC को फैक्टरिंग के अधिकार

वित्त मंत्री ने कहा कि एमएसएमई की मदद के लिए फैक्टरिंग बिल लाया गया है। इसके जरिए देशभर में 9,000 एनबीएफसी को फैक्टरिंग का अधिकार दिया गया है। फैक्टरिंग सुविधा में एमसएसई को उनके बिल पर तुरंत पैसा मिलता है। उसमें एमसएसई वर्किंग कैपिटल निकालने के लिए सेल वाले बिल थोड़े डिस्काउंट पर फैक्टरिंग करने वालों को देते हैं।

बही-खातों का ऑडिट जरूरी नहीं, सेल्फ सर्टिफिकेशन से चल जाएगा काम

सीतारमण ने कहा कि देश में कारोबार करने में आसानी के लिए सरकार कई उपाय करती आ रही है। इसके तहत एमएसएमई के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। उनको अब अपने बही खातों को ऑडिट नहीं कराना होगा। उनका काम सेल्फ सर्टिफिकेशन से चल जाएगा।

उभरते सितारे के चुनी गई कुछ कंपनियों के संस्थापकों ने रखे विचार

इस मौके पर ऐसी कई कंपनियों और स्टार्टअप के संस्थापकों ने अपने विचार रखे जिनको उभरते सितारे कार्यक्रम के तहत चुना गया है। ये कंपनियां ड्रोन टेक्नोलॉजी, वेस्ट क्रिएशन, फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर से ताल्लुक रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *