नोहर (सीमा सन्देश)।
नगर पालिकाध्यक्ष पद के लिये नामाकंन दाखिल के बाद अन्य प्रक्रियाएं गुरूवार को पूर्ण हो गई। निर्वाचन अधिकारी श्वेता कोचर ने बताया कि नोहर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के लिये दो नामांकन पत्र दाखिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई हैं। पालिकाध्यक्ष पद के लिये चुनाव 7 फरवरी को सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक नगर पालिका परिसर में होगा। पालिका उपाध्यक्ष का चुनाव 8 फरवरी को होगा। पालिकाध्यक्ष पद के लिये कांगे्रस की ओर से मोनिका खटोतिया व निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लवीना वाधवानी चुनावी मैदान में है। लवीना वाधवानी को भाजपा का समर्थन हासिल है। लवीना वाधवानी को रेफ्रीजरेटर चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ है। नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का पालिकाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। चुनाव में 40 वार्डो में कांग्रेस ने 21 सीटे हासिल कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके अलावा करीब आधा दर्जन निर्दलीय पार्षदों ने चुनाव के बाद कांग्रेस का समर्थन किया है। वार्ड नं. 33 की निर्दलीय पार्षद शबनम ने कांग्रेस को समर्थन देने कि घोषणा की है। विधायक अमित चाचाण, प्रधान सोहन ढ़िल, एडवोकेट बाबूलाल चाचाण की मौजूदगी में निर्दलीय पार्षद शबनम ने कांग्रेस का समर्थन किया। इससे पूर्व कई वार्डो के निर्दलीय पार्षद कांग्रेस का समर्थन कर चुके है। गौरतलब है कि नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को 21 व भाजपा को 2 सीटे मिली। 16 निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुये थे। माकपा का एक उम्मीदवार चुनाव में विजयी हुआ।
भादरा (सीमा सन्देश)। नगर पालिका नगर पालिका चुनाव में पालिका अध्यक्ष पद हेतु तीन नगर पार्षदों ने अपना अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किया था। जिसमें नाम वापसी लेने हेतु गुरुवार को किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र नहीं उठाया है। इसी के चलते कांग्रेस के प्रत्याशी हाजी दाऊद खां कुरैशी को हाथ का निशान, मांगीलाल गोयल को कमल का फूल व निर्दलीय प्रत्याशी बलवंत सैनी को चाबी का चिन्ह आवंटित किया है। इसी के चलते नगर में भावी पालिकाध्यक्ष कोन होगा ये चर्चा का विषय बना हुआ है। लेकिन अभी तक कोई भी तस्वीर स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है। त्रिकोणीय मुकाबले में कौन बाजी मारेगा अभी यह कहना मुश्किल है।