कोरोना के कारण अपने बच्चे को खोने वाली अमेरिका की वेनेस्सा अल्फरमैन ने अपनी आपबीती साझा की है। वेनेस्सा कहती हैं, जो लोग वैक्सीन लगवाने से इंकार कर रहे हैं, उनसे मैं वैक्सीन लगवाने की अपील कर रही हूं। मैं जिस समय प्रेग्नेंट हुई उस समय वैक्सीन उपलब्ध होना शुरू हुई थी और मैं नहीं लगवा सकी।
वेनेस्सा पेशे से एक नर्स हैं और कोरोना के मरीजों के इलाज में जुटी थीं, लेकिन वो अपने बच्चे को नहीं बचा सकीं। उन्हें आज भी इसका मलाल है। इस घटना के बाद वो लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील कर रही हैं। वह कहती हैं, वैक्सीन जरूर लगवाएं, इसे नजरअंदाज न करें ताकि कोई और मां अपने बच्चे को न खो सके।
जानिए वेनेस्सा की आपबीती…
वेनेस्सा अमेरिका के मिस्सौरी बैप्टिस्ट हॉस्पिटल में एक नर्स हैं। नवम्बर 2020 में उन्हें और उनके पति को कोविड का संक्रमण हुआ। उस दौरान वेनेस्सा कोरोना के मरीजों का इलाज कर रही थीं और प्रेग्नेंट भी थीं। कोरोना का संक्रमण कितना खतरनाक है, वो इससे वाकिफ थीं। हल्के लक्षण दिखने पर जांच कराई और रिकवर हो गईं। सबकुछ ठीक होने का अहसास हो रहा था, लेकिन यहां से खतरे की शुरुआत हुई।
वह कहती हैं, रिकवरी के कुछ हफ्तों के बाद पीठ में दर्द की शिकायत हुई और पेट में दर्द शुरू हुआ। 14 नवम्बर 2020 को रात में 1.30 बजे लेबर पेन के कारण नींद टूटी। मुझे कुछ गलत होने का अहसास हो रहा था।
मुझे जल्द ही हॉस्पिटल ले जाया गया। हॉस्पिटल में मैंने 22 हफ्ते के बच्चे को जन्म दिया और कुछ ही सेकंड के अंदर उसकी मौत हो गई। डॉक्टर्स ने बताया, मेरा नवजात बच्चा कोविड से संक्रमित था और कोरोना के कॉम्प्लिकेशन के कारण हालत बेहद नाजुक थी। गर्भनाल में रक्त का थक्का जमने के कारण डॉक्टर्स की काफी कोशिशों के बाद बच्चे की मौत हुई। मैं कुछ नहीं कर सकी।

प्रेग्नेंसी के दौरान अपने पति रेयान के साथ वेनेस्सा।
प्रेग्नेंसी से पहले वैक्सीन जरूर लगवाएं
हाल में हुई कई रिसर्च में भी वैज्ञानिकों ने खतरा जताया है कि प्रेग्नेंसी के दौरान मां को कोविड होने पर प्री-मैच्योर डिलीवरी और मिस्कैरेज का रिस्क बढ़ता है। अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी सीडीसी का कहना है, गर्भवती महिलाएं,
ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली मांएं और मां बनने की तैयारी करने वाली महिलाओं को वैक्सीन जरूरी लगवानी चाहिए। यह उनके लिए पूरी तरह से सुरक्षित है।