जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 2 आतंकवादियों को मार गिराया है। कश्मीर जोन पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक मारे गए दोनों आतंकी लश्करे तैयबा के थे। दोनों ही श्रीनगर शहर में हुए एनकाउंटर में मारे गए। इस बारे में ज्यादा जानकारी की प्रतीक्षा है।
आज की कुछ और अहम खबरें…
मारुति सुजुकी पर 200 करोड़ रुपए का फाइन

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी पर कॉम्पिटिशन कमीशन ने 200 करोड़ रुपए का फाइन लगाया है। कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के मुताबिक मारुति सुजुकी ने रीसेल की जाने वाली कारों की कीमत पर डिस्काउंट कंट्रोल पॉलिसी लगाई। इसे कॉम्पिटिशन कमीशन ने एंटी कॉम्प्टीटिव बिहेवियर मानते हुए कंपनी पर यह जुर्माना किया है।
संपत्तियां बेचकर अगले 4 साल में 6 लाख करोड़ जुटाएगी सरकार

केंद्र सरकार ने अगले 4 साल में अपनी संपत्तियां बेचकर 6 लाख करोड़ रुपए (81 बिलियन डॉलर) जुटाने की योजना बनाई है। सरकार को इससे अपना खजाना भरने और वित्तीय घाटे को काबू में रखने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्लान में रोड और रेलवे संपत्तियां, एयरपोर्ट, पॉवर ट्रांसमिशन लाइनें और गैस पाइपलाइनों की बिक्री करना शामिल है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को इसका रोडमैप जारी किया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- आंदोलनों से रोड ब्लॉक न हों

तीन कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन की वजह से रोड ब्लॉक होने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से किसान आंदोलन के चलते रोड ब्लॉक की समस्या का समाधान तलाशने को कहा है। नोएडा के एक व्यक्ति ने याचिका दायर कर नोएडा से दिल्ली के बीच का रास्ता क्लियर रखने के लिए आदेश देने की मांग की है। किसान आंदोलन की वजह से पिछले एक साल से दिल्ली से नोएडा जाने वाला रास्ता बंद है। किसानों ने सड़क पर ही स्थायी पंडाल लगाकर वहां आंदोलन का मंच और ऑफिस बना रखे हैं।
आंध्र प्रदेश में पुलिस जीप को लॉरी ने टक्कर मारी, 4 पुलिसकर्मियों की मौत
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर एक लॉरी ने पुलिस की जीप को टक्कर मार दी, जिसके बाद जीप में सवार चारों पुलिसकर्मियों की जान चली गई।
अफगानिस्तान मुद्दे पर केंद्र ने 26 अगस्त को ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई

अफगान मुद्दे पर केंद्र सरकार ने 26 अगस्त को ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है।
अफगानिस्तान के मुद्दे पर सरकार ने 26 अगस्त को ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को अफगानिस्तान के हालात के बारे में जानकारी देने को कहा है। भारत सरकार अपने नागरिकों को वहां से निकालने की हरसंभव कोशिश कर रही है। सरकार को काबुल एयरपोर्ट से रोजाना 2 फ्लाइट ऑपरेट करने की इजाजत भी मिल गई है। हम वहां फंसे हिंदू और सिखों के अलावा भारत के दोस्तों की भी मदद करेंगे।
लव मैरिज में परिवार बना रोड़ा, तो पुलिस ने कराई शादी

कटनी के बड़वारा में थाने के मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी कराते हुए पुलिसकर्मी।
मध्य प्रदेश में कटनी के बड़वारा में परिवार ने लव मैरिज का विरोध किया, तो लड़की थाने पहुंच गई। लड़की ने कहा कि परिवार वाले उसे शादी करने से रोक रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए। बड़वारा थाना के प्रभारी ने एसपी को मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर बड़वारा पुलिस ने लड़के और लड़की के परिवार वालों को थाने बुलाकर समझाइश दी। जब दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए, तो पुलिस ने थाने के बाहर बने मंदिर में लड़के और लड़की की शादी कराई। उन्हें खाना खिलाया और गिफ्ट देकर विदा किया। इस शादी का वीडियो भी सामने आया है।
भीमा कोरेगांव केस में NIA का दावा- JNU और TISS के छात्रों को आतंक फैलाने रिक्रूट किया गया था

जनवरी 2018 में पुणे के पास भीमा कोरेगांव में एक युद्ध स्मारक के पास हिंसा भड़की थी। – फाइल फोटो
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने एल्गार परिषद और माओवादियों के बीच संबंधों के मामले में स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। इसमें दावा किया गया है कि आरोपी देश के खिलाफ युद्ध छेड़ना चाहते थे। JNU और TISS के छात्रों को आतंक फैलाने के लिए रिक्रूट किया गया था। NIA ने अगस्त महीने की शुरुआत में इसका ड्राफ्ट पेश किया था।
जनवरी 2018 में पुणे के पास भीमा कोरेगांव में एक युद्ध स्मारक के पास हिंसा भड़की थी। इसके एक दिन पहले एल्गार परिषद का पुणे शहर में सम्मेलन हुआ था। NIA का आरोप है कि संगठन के एक कार्यक्रम में भड़काऊ भाषण दिए गए थे।
सिद्धू घिरे, मनीष तिवारी बोले- उनके सलाहकार को देश में रहने का हक नहीं

मनीष तिवारी श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट के कांग्रेस सांसद हैं। – फाइल फोटो
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली अपनी विवादित पोस्ट के बाद अब पार्टी में ही घिरते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने माली पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसे लोगों को सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि देश में रहने का भी कोई हक नहीं है।
माली फेसबुक पेज पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक स्केच पोस्ट कर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने 1989 में पब्लिश ‘जन तक पैगाम’ नाम की पंजाबी मैगजीन का कवर सोशल मीडिया में शेयर किया था। इसमें दिख रहा है कि इंदिरा गांधी इंसानी खोपड़ियों के ढेर पर खड़ी हैं और उनके हाथ में मौजूद बंदूक पर भी एक खोपड़ी लटक रही है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस: अनिल देशमुख के PA और PS के खिलाफ ED ने चार्जशीट दायर की

ED ने संजीव पलांडे एवं कुंदन शिंदे को 26 जून को 12 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद अरेस्ट किया था।
100 करोड़ रुपए की वसूली के मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के निजी सचिव (पीएस) और निजी सहायक (पीए) संजीव पलांडे एवं कुंदन शिंदे के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चार्जशीट दायर कर दी है। दोनों पर रिश्वत के पैसों को जमा करने और उन्हें काले से सफेद करने का आरोप है। ED ने दोनों को 26 जून को 12 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद अरेस्ट किया था।
कनॉट प्लेस में देश का पहला स्मॉग टावर शुरू
दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए कदम उठाए जाने लगे हैं। कनॉट प्लेस पर देश का पहला स्मॉग टावर शुरू किया गया है। सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसका उद्घाटन किया। इसके बाद टावर ने वर्किंग शुरू कर दी है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि टावर 24 मीटर ऊंचा है। हमने अमेरिका से इस तकनीक को आयात किया है। यह एक किलोमीटर के दायरे में हवा को साफ करेगा।
अकाल की कगार पर पश्चिमी राजस्थान, 19 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें खराब
पश्चिमी राजस्थान में मौसम की बेरुखी ने किसानों को सूखे और अकाल की कागार पर लाकर खड़ा कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कुल बुआई की केवल 10 प्रतिशत फसलें ही बची हैं। पश्चिमी राजस्थान में 11.17 मिलियन हेक्टेयर, यानी 53.49 प्रतिशत हिस्से में वर्षा-आधारित (असिंचित) खेती होती है। इस बार मानसून पश्चिमी राजस्थान से रूठा रहा, जिसने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पशुओं के लिए चारे का संकट भी खड़ा हो गया है।
जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर के किसानों की हालत खराब है। यहां 41.18 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में 30.6 लाख हेक्टेयर भूमि पर खरीब फसलों की बुआई हुई, जो कि करीब 75 फीसदी है। इसमें से केवल 11 लाख हेक्टेयर फसलें बची हैं, बाकी सब नष्ट हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ में आज सराफा बाजार बंद, 100 करोड़ का कारोबार प्रभावित
आभूषणों की अनिवार्य हॉलमार्किंग यूनीक ID (HUID) नियम के विरोध में छत्तीसगढ़ में सोमवार को सराफा कारोबारी दुकानें बंद रखेंगे। वे नियमों का मनमाने ढंग से पालन करवाने का विरोध कर रहे हैं। इसे छत्तीसगढ़ के कारोबारियों ने भी समर्थन दिया है। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरखमालू ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की ओर से शहर की सभी दुकानें बंद रहेंगी। एक अनुमान के मुताबिक, इसके चलते प्रदेश भर में सिर्फ एक दिन में करीब 100 करोड़ का कारोबार प्रभावित होगा।
गुजरात के सभी ज्वेलर्स ने आज बंद का ऐलान किया

केंद्र सरकार की ओर से ज्वैलरी पर अनिवार्य हॉलमार्किंग और एचयूआईडी नंबर के विरोध में देशभर के ज्वेलर्स 23 अगस्त को एक दिवसीय हड़ताल करेंगे। इस हडताल में सूरत और दक्षिण गुजरात के 2500 ज्वेलर्स जुड़कर सांकेतिक विरोध करेंगे। हड़ताल के कारण 150 करोड़ का व्यापार प्रभावित होने की आशंका है।
दिल्ली हिंसा मामले में उमर खालिद की जमानत पर आज सुनवाई

दिल्ली हिंसा के मामले में गिरफ्तार किए गए JNU के पूर्व छात्र उमर खालिद की जमानत याचिका पर आज दिल्ली की कोर्ट में सुनवाई होगी। उसे UAPA कानून के तहत पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले खालिद की याचिका पर 20 अगस्त को सुनवाई होनी थी, लेकिन उसने सुनवाई जल्द करने की याचिका दायर की और कोर्ट ने 18 अगस्त को सुनवाई का वक्त दिया था। उस दिन कार्यवाही 23 अगस्त तक आगे बढ़ा दी गई थी।
जातीय जनगणना: प्रधानमंत्री मोदी से मिले नीतीश कुमार

जातीय जनगणना कराने की मांग को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई में राज्य की 10 पार्टियों के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले। 11 सदस्यों के शिष्टमंडल ने मोदी से PMO में मुलाकात की। इनमें राजद नेता तेजस्वी यादव, जदयू से शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा से खान भूतत्व मंत्री जनक राम, कांग्रेस नेता अजीत शर्मा, सीपीआई (माले) नेता महबूब आलम, एआईएमआईएम के अख्तरुल इमान, पूर्व मुख्यमंत्री और हम सुप्रीमो जीतन राम मांझी, VIP प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई नेता सूर्यकांत पासवान और CPM नेता अजय कुमार भी शामिल हुए।
कश्मीर की राजनीतिक पार्टी ने खुद हटाए पार्टी कार्यालय के बोर्ड

सैयद अली शाह की पार्टी तहरीक-ए-हुर्रियत कॉन्फ्रेंस ने रविवार को श्रीनगर के हादीपोरा में स्थित पार्टी मुख्यालय से साइन बोर्ड हटा दिया है। कार्यालय अली शाह के घर पर ही बना हुआ है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के डर से शाह ने बोर्ड हटाया है। मोदी सरकार ने हाल ही में कश्मीर में अलगाववादी पार्टियों को बैन किया है।
UP के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। राजकीय सम्मान के साथ बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित बंशी घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके बेटे राजवीर सिंह ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई बड़े नेताओं ने पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि दी।