सोशल मीडिया पर लगातार अफगानिस्तान से दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। तालिबानियों द्वारा कब्जा किए जाने के बाद अफगानिस्तान के कई लोग परेशान होकर देश छोड़ने की जद्दोजहद कर रहे हैं। पूरा देश इस मामले पर अपनी चिंता व्यक्त कर रहा है जिनमें से कई ऐसे लोग भी हैं जिनके करीबी रिश्तेदार और दोस्त अफगानिस्तान में फंसे हुए हैं। हाल ही में भाबीजी घर पर हैं कि एक्स एक्ट्रेस सौम्या टंडन ने भी अपने दोस्त से संपर्क ना हो पाने पर चिंता व्यक्त की है।
सौम्या ने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी शेयर की है जिसमें उनके साथ एक अफगानी व्यक्ति नजर आ रहा है। ये तस्वीर उस समय की है जब सौम्या एक इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के लिए अफगानी लड़की बनी थीं। तस्वीर के साथ सौम्या ने लिखा, अफगानिस्तान में फंसे दोस्तों के लिए मेरी दुआएं। मैंने एक अफगानी लड़की का रोल प्ले किया था जिसके लिए मैं बहुत पहले एक महीनें तक अफगानिस्तान में रही थी।

हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में सौम्या ने बताया है कि वो साल 2008 में एक इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के लिए काबुल गई थीं जहां उनके कई दोस्त बने थे। एक्ट्रेस ने कहा, ‘हमारी यूनिट में दो महिलाएं थीं, जिनमें एक मेरी को- एक्टर थीं और दूसरी क्रू मेंबर। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए अफगानिस्तान में रहना कितना मुश्किल है और यहां आजादी के लिए कितना लड़ना पड़ता है। मेरी को- एक्टर ने उनकी जिंदगी के खौफ के बारे में बताया। वो कई सालों से डर में थे और देखिए उनके साथ क्या हो गया’।
एक्ट्रेस ने आगे बताया, मैंने अपने भारतीय दोस्तों से संपर्क करने की कोशिश की, जिनके जरिए मैं वहां गई थी, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिल रहा है। मुझे आशा है कि वो सुरक्षित होंगे। मैं बस जानना चाहती हूं कि वो सुरक्षित हैं क्योंकि वहां से लगातार काफी डिस्टर्बिंग तस्वीरें और वीडियोज आ रही हैं। मैं असहाय महसूस करती हूं, लेकिन मेरी दुआएं उनके साथ हैं।
सौम्या टंडन के दोस्तों के अलावा टीवी एक्ट्रेस नुपुर अलंकार के बहनोई भी अफगानिस्तान में फंसे हुए हैं। इनके अलावा एक्ट्रेस मलीशा हिना खान ने भी अफगानिस्तान में हुई हिंसा के दौरान अपने चार रिश्तेदार खो दिए हैं।