भीलवाड़ा
भीलवाड़ा में एक निलंबित ASI ने सुसाइड करने की धमकी दे दी। साथ ही चेतावनी दी कि इसके लिए SP और SHO समेत एक पुलिसकर्मी जिम्मेदार होंगे। एएसआई का ऑडियो सामने आने से पुलिस डिपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। एसएचओ अब जांच का हवाला दे रहे हैं। मामला जिले के बनेड़ा थाने का है। यहां 6 नवंबर को एक ट्रक हादसा हुआ था। जांच अधिकारी के तौर पर मौके पर एएसआई सत्यनारायण नरूका को भेजा गया। ट्रक ड्राइवर ने कार को टक्कर मार दी थी। इस मामले में ट्रक ड्राइवर ने नरूका पर आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट कर दो हजार रुपए ले लिए और मोबाइल छीन लिया गया। जब शिकायत एसपी तक पहुंची तो उसे सस्पेंड कर दिया गया। इस मामले को रविवार को एएसआई नरूका ने एक ऑडियो शेयर किया। इसमें कहा कि हादसे में आरोपी को बचाने के लिए थाना प्रभारी नंदलाल रिणवा व दीवान मांगीलाल जाट ने ट्रक मालिक से 40 हजार रुपए ले लिए। इस मामले में एसपी को गुमराह किया। एएसआई का यह भी आरोप है कि एसपी ने भी उसकी बात सुने बिना 7 नवंबर को निलंबित कर दिया।