Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

BJP सांसद सुमेधानंद सरस्वती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जयपुर
राजस्थान में बीजेपी सांसद सुमेधानंद सरस्वती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। जयपुर के आदर्श नगर थाने में यह मामला दर्ज हुआ है। बीजेपी सांसद सीकर से लोकसभा सदस्य है। सरस्वती समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है. आदर्श नगर थानाधिकारी विष्णु कुमार खत्री ने बताया कि इस संबंध में आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के मंत्री जीववर्धन शास्त्री ने इस्तगासे के जरिए सांसद सुमेधानंद सरस्वती, देवेन्द्र कुमार और रविशंकर गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दी है।

फर्जी दस्तावेजों से रुपये हड़पने का आरोप

आदर्श नगर थानाधिकारी विष्णु कुमार खत्री ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में यह बताया है कि सांसद सुमेधानंद गत दिनों आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान चुने गए थे, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने व्यस्तता का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उनकी जगह किशनलाल गहलोत को प्रधान नियुक्त किया गया। आरोप है कि सांसद ने प्रधान पद पर न रहते हुए फर्जी लेटर पैड छपवाए और बैठकें बुलाने लगे। इसके साथ ही देवेंद्र कुमार और रवि शंकर गुप्ता पर सभा के बैंक खाते में जमा राशि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हड़पने के आरोप लगाए गए हैं। 

दुरुपयोग करने के आरोप

विष्णु कुमार खत्री ने बताया कि संस्था की एसएसओ आईडी को सरेंडर नहीं कर उसका दुरुपयोग करने के आरोप भी लगाए गए हैं। फिलहाल, पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। मामला सांसद से जुड़ा हुआ है। जिसके चलते अब इसकी जांच पुलिस मुख्यालय की सीआईडी सीबी को सौंपी गई है। अब प्रकरण में सीआईडी सीबी की ओर से जांच की जाएगी और कोर्ट के समक्ष रिपोर्ट पेश की जाएगी।